कैंसर से जंग हारे टीवी एक्टर युवनराज नेथरुन, पत्नी-बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़

Wednesday, Dec 04, 2024-10:58 AM (IST)

मुंबई:तमिल इंडस्ट्री से हाल ही में दिल तोड़ देने वाली खबर आई है। खबर है कि टीवी एक्टर युवनराज नेथरुन अब हमारे बीच नहीं रहे। 6 महीने तक कैंसर से जंग लड़ते-लड़ते आखिर वह इस गंभीर बीमारी से जंग हार गए।  उनके निधन से न सिर्फ उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है बल्कि टीवी इंडस्ट्री में भी गहरी मायूसी का माहौल है। नेथरुन की पत्नी अभिनेत्री दीपिका मुरुगन और उनकी दो बेटियां अबेणया और अंचना के सिर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

PunjabKesari

टीवी जगत में उन्हें प्यार से नेथरुन कहा जाता था, वे उन कुछ स्टार्स में से एक थे, जिनके अलग-अलग किरदारों के लिए अलग प्रशंसक वर्ग था।  ‘मारुधानी’ जैसे टीवी सीरियल से उन्होंने खास पहचान बनाई थी। शुरूआत में वो मुख्य रूप से निगेटिव रोल्स में नजर आए, लेकिन इन भूमिकाओं में भी उनके टैलेंट को सराहा गया।

PunjabKesari

 

नेथरुन का करियर कई रियलिटी शोज से भी जुड़ा रहा, जहां उन्होंने अपनी खास पहचान बनाई। वो विजय टेलीविजन के ‘जोड़ी नंबर 1’ सीजन 3 और 5 में हिस्सा ले चुके थे। इसके अलावा उन्होंने सुहानी टीवी के डांस रियलिटी शो ‘मस्ताना मस्ताना’ में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने पहला स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने ‘मि. एंड मिसिस चिन्नाथिराई किल्लाड़ी’ और ‘सुपर कुदुम्बम’ जैसे दूसरे शो में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।

PunjabKesari

नेथरुन की पत्नी दीपिका मुरुगन भी एक चर्चित टीवी एक्ट्रेस हैं। दोनों ने एक साथ कई शोज में काम किया। वर्तमान में दीपिका ‘निनैताले इनिक्कुम’ नाम की एक लोकप्रिय सीरियल में काम कर रही हैं जो जी5 पर दिखाया जा रहा है।


नेथरुन की बेटी अबेणया ने भी टीवी सीरियल्स में काम किया है। वहीं उनकी दूसरी बेटी अंचना हाल ही में एक तमिल फिल्म में मुख्य एक्ट्रेस के तौर पर साइन की गई हैं। ये परिवार न सिर्फ छोटे पर्दे पर बल्कि बड़े पर्दे पर भी अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है।


Content Writer

Smita Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News