''गवर्नर'' के लिए बदली गईं लोकेशंस की सूरत, 90 के दशक का माहौल बनाने में लगी पूरी टीम

Wednesday, Jun 03, 2026-03:10 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा अभिनीत फिल्म 'गवर्नर' इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शुमार है। ट्रेलर रिलीज़ होने के बाद से ही यह फिल्म लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। भारत के 1990 के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म देश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर को बड़े पर्दे पर जीवंत करने का प्रयास करती है।

फिल्म की दमदार कहानी के साथ-साथ इसकी प्रामाणिकता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। मेकर्स ने 1990 के दशक के माहौल को हूबहू पर्दे पर उतारने के लिए काफी मेहनत की। प्रोडक्शन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सबसे बड़ी चुनौती आधुनिक दौर की लोकेशनों को तीन दशक पीछे ले जाना था।

सूत्र ने बताया कि फिल्म की शूटिंग बड़े पैमाने पर वास्तविक लोकेशनों पर की गई है। ऐसे में आधुनिक कारों, साइनबोर्ड्स, बिलबोर्ड्स, मोबाइल टावर्स, एलईडी डिस्प्ले और अन्य आधुनिक तत्वों को फ्रेम से हटाने या छिपाने के लिए विशेष योजना बनाई गई। इतना ही नहीं, कलाकारों और भीड़ में शामिल लोगों के हेयरस्टाइल, पहनावे और बॉडी लैंग्वेज तक पर बारीकी से काम किया गया ताकि हर दृश्य 1990 के दशक की झलक पेश कर सके।

सूत्र के अनुसार, “हमारा लक्ष्य दर्शकों को सीधे उस दौर में ले जाना था। इसके लिए हर फ्रेम पर बेहद बारीकी से काम किया गया। टीम ने यह सुनिश्चित किया कि स्क्रीन पर दिखाई देने वाली हर चीज उस समय की वास्तविकता को दर्शाए।”

सच्ची घटनाओं से प्रेरित 'गवर्नर' भारत के आर्थिक इतिहास के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर की कहानी कहती है। 1990 के वित्तीय संकट के बीच सेट यह फिल्म बड़े राजनीतिक फैसलों, सत्ता संघर्ष और संस्थागत टकरावों को रोमांचक अंदाज में प्रस्तुत करती है। ट्रेलर में भी उस दौर की अनिश्चितता और तनाव को प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी फिल्म में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अदा शर्मा भी महत्वपूर्ण किरदार में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है। विपुल अमृतलाल शाह इसके निर्माता हैं और आशिन ए. शाह सह-निर्माता की भूमिका में हैं।

फिल्म की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। इसके गीत प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है।

'गवर्नर' 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।


Content Editor

Jyotsna Rawat

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News