इस एक्टर के निधन से सलमान की फिल्म ''मातृभूमि'' पर लगा ब्रेक! रिलीज में होगी देरी
Sunday, Mar 22, 2026-10:41 AM (IST)
मुंबई. सुपरस्टार सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर फैंस को झटका लग सकता है, क्योंकि इसकी रिलीज फिलहाल टलती नजर आ रही है। पहले यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब निर्माण कार्य अधूरा रहने की वजह से मेकर्स को इसे आगे बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
अधूरी शूटिंग बनी बड़ी वजह
फिल्म की देरी के पीछे सबसे बड़ी वजह सिंगर और एक्टर प्रशांत तमांग का अचानक निधन बताया जा रहा है। जनवरी में उनके निधन से फिल्म की शूटिंग पर सीधा असर पड़ा। उन्होंने अपने किरदार के लिए काफी अहम हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली थी, लेकिन कुछ महत्वपूर्ण सीन अभी बाकी थे।

फिल्म में प्रशांत तमांग एक निगेटिव रोल निभा रहे थे, जो कहानी के लिहाज से बेहद अहम था। उनके जाने के बाद टीम के सामने यह चुनौती खड़ी हो गई कि अधूरे हिस्सों को किस तरह पूरा किया जाए।
मेकर्स के सामने मुश्किल फैसले
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की टीम ने पहले यह विचार किया कि प्रशांत तमांग के हिस्से को किसी दूसरे कलाकार के साथ दोबारा शूट किया जाए। हालांकि, उनका किरदार इतना बड़ा और कहानी से जुड़ा हुआ था कि इसे पूरी तरह बदलना आसान नहीं है। इसके अलावा, दोबारा शूटिंग में काफी समय और खर्च भी लगेगा।

अब मेकर्स दूसरे विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। इनमें किसी नए एक्टर को शामिल करना या फिर एआई और वीएफएक्स तकनीक की मदद से उनके अधूरे सीन पूरे करना शामिल है। लेकिन ये दोनों ही रास्ते चुनौतीपूर्ण और समय लेने वाले हैं।
रिलीज डेट पर सस्पेंस बरकरार
फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया। फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह लीड रोल में नजर आएंगी। वहीं, यह भी चर्चा है कि गोविंदा इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बन सकते हैं। फिलहाल फिल्म की शूटिंग जारी है, लेकिन नई रिलीज डेट को लेकर मेकर्स ने अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में फैंस को ‘मातृभूमि’ के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।
