प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम पहुंचे विशाल मिश्रा, नीम करौली बाबा के किए दर्शन
Friday, Mar 13, 2026-04:55 PM (IST)
मुंबई. मशहूर गायक विशाल मिश्रा हाल ही में उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम पहुंचे। यहां उन्होंने महान संत नीम करौली बाबा के दर्शन किए और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। आध्यात्मिक माहौल और शांत वातावरण के बीच विशाल मिश्रा ने मंदिर परिसर में ध्यान भी लगाया और कुछ समय एकांत में बिताया।
मंदिर पहुंचकर मिला सुकून
कैंची धाम पहुंचने के बाद विशाल मिश्रा ने अपने अनुभव शेयर करते हुए बताया-यहां तक आने में उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए काफी अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे लोगों को सुविधा मिलती है।

इस दौरान उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के किए जा रहे कामों की तारीफ की और बताया कि सरकार और प्रशासन मिलकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
पुलिसकर्मियों के लिए गुनगुनाया गाना
मंदिर में मौजूद पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर भी विशाल मिश्रा ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यहां तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की मदद करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं, जिससे लोगों को सुरक्षित और सहज माहौल मिलता है।
पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए विशाल मिश्रा ने मशहूर देशभक्ति गीत 'संदेशे आते हैं' की कुछ पंक्तियां गाकर माहौल को और भी खास बना दिया। उनके इस अंदाज से वहां मौजूद लोग काफी खुश नजर आए।
विशाल मिश्रा ने नैनीताल की खूबसूरत वादियों और कैंची धाम के आध्यात्मिक वातावरण की भी जमकर तारीफ की।
