इजरायल-ईरान वॉर के बीच परिवार से मिलने दुबई पहुंचे विष्णु मांचू, वीडियो शेयर कर लिखा-शांति के लिए प्रार्थना..

Sunday, Mar 01, 2026-05:59 PM (IST)

मुंबई. अमेरिका, इजरायलऔर ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव का असर अब खाड़ी देशों तक महसूस किया जा रहा है। हालिया हमलों और जवाबी कार्रवाई के बाद मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर है। इसी बीच तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के एक्टर विष्णु मांचू दुबई में अपने परिवार से मिलने पहुंचे, जहां उन्होंने आसमान में मिसाइलों जैसी रोशनी की लकीरों का वीडियो साझा कर चिंता जताई।

सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

एक्टर ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक छोटा वीडियो पोस्ट किया। क्लिप उनके घर के बाहर से रिकॉर्ड किया गया प्रतीत होता है। वीडियो में रात के आसमान में तेज़ रोशनी की लकीरें दिखाई दे रही हैं, जिन्हें स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक मिसाइल और एयर-डिफेंस इंटरसेप्शन बताया जा रहा है।

 

वीडियो की बैकग्राउंड में एक छोटे बच्चे की घबराई हुई आवाज भी सुनाई देती है।  
वीडियो पोस्ट कर एक्टर ने कैप्शन में लिखा- 'आज रात दुबई में परिवार से मिलने जा रहा हूं। आसमान में मिसाइलें दिख रही हैं। तेज आवाजों से हमारा घर हिल गया और छोटी आयरा डर गई। प्रार्थना है कि कहीं भी कोई बच्चा अपनी छत के ऊपर युद्ध की आवाज सुनते हुए बड़ा न हो। आम लोगों को सुरक्षित रखने के लिए यूएई की डिफेंस फोर्स का शुक्रगुजार हूं। ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि जिंदगी सच में कितनी नाजुक है। शांति के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। हर हर महादेव।'


क्या है मौजूदा हालात?

शनिवार को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर की गई सैन्य कार्रवाई के बाद हालात तेजी से बिगड़े। जवाब में ईरान ने इजरायल और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए। तनाव बढ़ने के साथ अबू धाबी, दुबई, कतर और कुवैत जैसे क्षेत्रों में धमाकों और एयर डिफेंस एक्टिविटी की खबरें सामने आईं। हालांकि आधिकारिक स्तर पर अलग-अलग देशों ने सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने की बात कही है।

वर्कफ्रंट पर विष्णु मांचू
काम के मोर्चे पर विष्णु मांचू अपनी आगामी फिल्म Kannappa को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि मौजूदा वैश्विक तनाव के बीच उनका यह निजी अनुभव सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News