आलिया भट्ट से 77 लाख की धोखाधड़ी, मां सोनी राजदान की शिकायत के 5 महीने बाद गिरफ्तार हुई एक्स मैनेजर
Wednesday, Jul 09, 2025-09:40 AM (IST)

मुंबई: बाॅलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट की पूर्व मैनेजर वेदिका प्रकाश शेट्टी को जुहू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वेदिका प्रकाश शेट्टी को एक्ट्रेस संग धोखाधड़ी करने के आरोप में हिसारत में लिया गया है। आलिया की मां सोनी राजदान की शिकायत पर वेदिका के खिलाफ कुछ महीनों पहले मामला दर्ज किया गया था। वेदिका प्रकाश शेट्टी पर भट्ट के हाउस इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड और एक्ट्रेस के खातों से कथित तौर पर पैसे ठगने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि करीब 5 महीने बाद आरोपी वेदिका को बेंगलूरु से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। वेदिका पर आरोप है कि उसने आलिया के फर्जी हस्ताक्षर करके दो साल में 77 लाख की धोखाधड़ी की है।वहीं आलिया या उनकी टीम ने अभी तक इस मामले के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया।
बता दें कि इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस को आलिया भट्ट ने 2021 में लॉन्च किया थाय़ इसका उद्देश्य "रियल, टाइमलेस और वार्म और फजी कहानियों" पर फोकस करते हुए "हैप्पी फिल्में" बनाना है। कंपनी की पहली फिल्म डार्लिंग्स थी जिसे शाहरुख खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ को-प्रोड्यूस किया गया था। इसमें आलिया भट्ट के साथ विजय वर्मा और शेफाली शाह थे और यह नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग कर रही है।
आलिया के काम की बात करें तो वह फिलहाल अपनी स्पाई यूनिवर्स फिल्म अल्फा में बिजी है। इस फिल्म में शरवरी वाघ भी लीड रोल में हैं और यह 25 दिसंबर, 2025 को रिलीज होगी। इसके अलावा आलिया जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म लव एंड वॉर में अपने पति रणबीर कपूर के साथ फिर से नजर आएंगी। इस फिल्म में विक्की कौशल भी मुख्य भूमिका में हैं। इतना ही नहीं आलिया के पास फरहान अख्तर की जी ली जरा भी है। फिल्म में कैटरीना कैफ और प्रियंका चोपड़ा भी मुख्य भूमिका में होंगी हालांकि अभी तक फिल्म की शूटिंग शेड्यूल पर कोई अपडेट नहीं है।