'बफी द वैम्पायर स्लेयर' फेम एक्टर निकोलस ब्रेंडन का 54 की उम्र में निधन, नींद में ली अंतिम सांस

Sunday, Mar 22, 2026-03:29 PM (IST)

एंटरटेनमेंट डेस्क. मनोरंजन जगत से हाल ही में एक बुरी खबर सामने आई है। 'बफी द वैम्पायर स्लेयर' फेम एक्टर निकोलस ब्रेंडन का निधन हो गया है। वह अभी महज 54 साल के थे। निकोलस के निधन की पुष्टि उनके परिवार ने की है। एक्टर के अचानक देहांत की खबर से इंडस्ट्री और फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।


मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, निकोलस के परिवार ने बताया कि एक्टर का निधन नींद में सोने के दौरान हुआ है। उन्होंने कहा, "हमें बेहद दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि हमारे भाई और बेटे निकोलस ब्रेंडन का निधन हो गया है। उनका निधन सोते समय प्राकृतिक कारणों से हुआ। ज्यादातर लोग निकी को एक एक्टर के तौर पर उनके काम और उन किरदारों के लिए जानते हैं, जिन्हें उन्होंने सालों तक अपनी अदाकारी से जिया था।"

PunjabKesari

परिवार ने स्टेटमेंट में आगे कहा गया, "हाल के सालों में निकी को पेंटिंग और कला में अपना जुनून मिला। निकी को अपनी इस कला को अपने परिवार, दोस्तों और फैंस के साथ शेयर करना बहुत पसंद था। वह जोशीले, संवेदनशील थे और उनमें कुछ नया रचने की असीम लगन थी। जो लोग उन्हें सचमुच जानते थे, वे समझते थे कि उनकी कला उनके असली व्यक्तित्व का सबसे सच्चा आईना थी।"
 

परिवार ने आगे कहा, "यह कोई राज नहीं है कि निकोलस को अतीत में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था, लेकिन अपनी बीमारी को काबू में रखने के लिए वह दवाएं और इलाज ले रहे थे। जब उनका निधन हुआ, तब वह भविष्य को लेकर काफी आशावादी थे। इस दुख की घड़ी में, जब हम उनके जाने का शोक मना रहे हैं और एक ऐसे इंसान की जिंदगी का जश्न मना रहे हैं जिसने पूरी शिद्दत, इमेजिनेशन और दिल से जिंदगी जी, हमारा परिवार आप सभी से प्राइवेसी बनाए रखने की गुजारिश करता है।"

बता दें कि निकोलस को साल 2023 में दिल का दौरा भी पड़ा था और वह 'कॉडा इक्विना सिंड्रोम' से भी जूझ रहे थे।
  
वर्कफ्रंट पर बता दें, निकोलस ने 'बफी द वैम्पायर स्लेयर' में जैंडर हैरिस की भूमिका निभाकर सबका दिल जीता था। इसके अलावा वह टीवी सीरीज क्रिमिनल माइंड्स में काम कर चुके थे और 'चिल्ड्रन ऑफ द कॉर्न 3', 'साइको बीच पार्टी', 'डेमोन आईलैंड' और 'बिग गे लव' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके थे।
 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News