रूमर्ड बॉयफ्रेंड संग मलाइका ने मनाया वैलेंटाइन वीक? कई दिनों बाद वायरल हुई तस्वीर
Monday, Feb 23, 2026-03:16 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें चल रही हैं कि वह मुंबई के हीरा कारोबारी हर्ष मेहता को डेट कर रही हैं। हालांकि, इस बात को एक्ट्रेस ने अभी तक कबूल नहीं किया है, लेकिन इसी बीच हाल ही में दोनों की एक तस्वीर वायरल हुई, जिसने इन अफवाहों को और हवा दे दी है।

इटली से वायरल हुई तस्वीर
वायरल फोटो कथित तौर पर इटली के रोम शहर की है। तस्वीर में मलाइका और हर्ष मशहूर ट्रेवी फाउंटेन के सामने सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह फोटो वैलेंटाइन वीक के दौरान ली गई थी। हालांकि, अब तक दोनों में से किसी ने भी अपने रिश्ते को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है।

पहले भी साथ दिख चुके हैं
यह पहली बार नहीं है जब मलाइका और हर्ष का नाम एक साथ जुड़ा है। अक्टूबर 2025 में मलाइका को मुंबई में एक कॉन्सर्ट के दौरान एक मिस्ट्री मैन के साथ देखा गया था। बाद में सोशल मीडिया यूजर्स ने उस शख्स को हर्ष मेहता बताया। इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

कौन हैं हर्ष मेहता?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर्ष मेहता 33 साल के मुंबई आधारित हीरा व्यापारी हैं। बताया जा रहा है कि मलाइका और हर्ष के बीच करीब 19 साल का उम्र का अंतर है। कुछ लोग मानते हैं कि दोनों के बीच दोस्ती से बढ़कर कुछ है, जबकि कुछ का कहना है कि दोनों किसी काम के सिलसिले में मिले हैं।
अर्जुन कपूर के साथ था रिश्ता
बता दें, इससे पहले अरबाज खान की एक्स पत्नी मलाइका अरोड़ा एक्टर अर्जुन कपूर के साथ रिलेशनशिप में थीं। दोनों का रिश्ता करीब 2018 में शुरू हुआ था। कई सालों तक दोनों को एक साथ छुट्टियां मनाते और खास मौकों पर नजर आते देखा गया। हालांकि, 2024 में दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया।
