फेमस इंफ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद की मौत, 32 की उम्र में कहा अलविदा
Thursday, Nov 06, 2025-11:07 AM (IST)
मुंबई. फेमस ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद के फैंस के लिए एक बेहद बुरी खबर सामने आई हैं। अनुनय अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका 32 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। इन्फ्लुएंसर के अचानक निधन की खबर सुन उनके चाहने वालों को बड़ा झटका लगा है और हर कोई उनकी मौत का कारण जानना चाह रहा है।
अनुनय की मौत की खबर उनके परिवार ने उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान जारी कर की। उनकी पोस्ट में लिखा गया, 'बेहद दुख के साथ हमें अपने प्रिय अनुनय सूद के निधन की खबर शेयर करनी पड़ रही है। इस कठिन समय में हम सभी से विनम्र निवेदन करते हैं कि हमारी निजता का सम्मान करें और किसी भी तरह की भीड़भाड़ से बचें। कृपया अनुनय के परिवार और प्रियजनों को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें। उनकी आत्मा को शांति मिले। अनुनय सूद के परिवार और मित्र।'
हालांकि, अभी तक अनुनय सूद की मौत का कारण पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि उनका निधन लास वेगास में हुआ। सोशल मीडिया पर उनके फैंस लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
अनुनय का आखिरी पोस्ट
अनुनय ने अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा था, 'मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि मैंने वीकेंड दिग्गजों और सपनों की मशीनों के बीच बिताया।' वहीं, 3 नवंबर 2025 को उन्होंने एक व्लॉग अपलोड किया था, ‘स्विट्जरलैंड के छिपे हुए पहलू की खोज | ऐसी जगहें जहाँ पर्यटक कभी नहीं जाते।' इसमें उन्होंने स्विट्जरलैंड की अनदेखी सुंदरता को अपने कैमरे में कैद किया था।
बता दें, अनुनय भारत के सबसे प्रसिद्ध ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर्स में से एक थे। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 14 लाख फॉलोअर्स और यूट्यूब चैनल पर 3.8 लाख सब्सक्राइबर्स थे। 2022 से 2024 तक लगातार तीन वर्षों तक उन्हें फोर्ब्स इंडिया टॉप 100 डिजिटल स्टार्स की सूची में शामिल किया गया। फोर्ब्स के अनुसार अनुनय ने अपनी खुद की मार्केटिंग फर्म भी स्थापित की थी।
