‘मखना’ गाने से जुड़े विवाद से हनी सिंह को मिली बड़ी राहत, खत्म हुआ 6 साल पुराना केस

Thursday, Sep 18, 2025-12:44 PM (IST)

मुंबई. बॉलीवुड सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उन पर लंबे समय से चल रहा एक विवादित केस आखिरकार खत्म हो गया है। मोहाली की राष्ट्रीय लोक अदालत ने हनी सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द कर दिया है। यह मामला उनके साल 2018 में रिलीज हुए चर्चित गाने ‘मखना’ से जुड़ा था।

 

गाने को लेकर क्यों हुआ था विवाद?

दरअसल, ‘मखना’ गाने में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक और अश्लील शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था। इसको लेकर पंजाब राज्य महिला आयोग की तत्कालीन चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी और एएसआई लखविंदर कौर ने शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके आधार पर मटौर पुलिस स्टेशन (मोहाली) में हनी सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया। यह केस आईपीसी की धारा 294 और 509, आईटी एक्ट की धारा 67, और महिलाओं को अश्लील तरीके से दिखाने से जुड़े अधिनियम की धारा 6 के तहत दर्ज हुआ था।

सुनवाई में क्या हुआ?

सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं ने अदालत को बताया कि उन्हें एफआईआर को आगे बढ़ाने पर कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद अदालत ने पुलिस की समापन रिपोर्ट पर गौर करते हुए एफआईआर को खत्म करने का आदेश सुनाया। पीठासीन अधिकारी अनीश गोयल ने कहा कि चूंकि शिकायतकर्ता अब मामले को आगे नहीं ले जाना चाहते, इसलिए एफआईआर को रद्द किया जाता है। इस आदेश के साथ हनी सिंह को 6 साल पुराने इस कानूनी विवाद से पूरी तरह राहत मिल गई है।

 

 

सालों तक विवादों में रहा ‘मखना’

यह विवाद सिर्फ कानूनी दायरे में ही नहीं बल्कि समाज में भी गहरा असर डाल चुका था। गाने के बोलों को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर खूब बहस हुई। साल 2019 में जब एफआईआर दर्ज हुई, तब पंजाब महिला आयोग ने गाने को “आपत्तिजनक सामग्री” वाला बताते हुए उस पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की थी।

हनी सिंह और विवादों का रिश्ता

बता दें, ये कोई पहली बार नहीं है जो यो यो हनी सिंह इस तरह के विवादों में फंसे हो। हालांकि, उनका करियर कई बार विवादों में घिरा रहा है। कभी गानों के बोलों पर सवाल उठे, तो कभी पर्सनल लाइफ को लेकर वे चर्चा में रहे।
 
 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News