पुष्पा 2: द रूल के जापान रिलीज की तैयारी के बीच अल्लू अर्जुन टोक्यो पहुंचे, फैंस की भारी भीड़ ने किया ज़ोरदार स्वागत
Tuesday, Jan 13, 2026-05:29 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। आइकॉन स्टार अल्लू अर्जुन देश के सबसे बड़े पैन-इंडिया अभिनेताओं में से एक बन चुके हैं। अपनी बेहतरीन अभिनय क्षमता, अनोखे स्टाइल और जबरदस्त करिश्मे के दम पर उन्होंने न सिर्फ भारत में, बल्कि दुनिया भर में बड़ी फैन फॉलोइंग बनाई है। अब वह अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म पुष्पा 2: द रूल के जापान रिलीज़ की तैयारी कर रहे हैं।
एक ऐसा किरदार जिसे पूरी दुनिया पहले से जानती है और एक ऐसी फिल्म जिसने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई की है, वह अब जापान में ‘पुष्पा कुनरिन’ नाम से 16 जनवरी को रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म की रिलीज़ से पहले अल्लू अर्जुन टोक्यो पहुंचे, जहां उनके साथ उनकी पत्नी अल्लू स्नेहा रेड्डी, बेटे अल्लू अयान और बेटी अल्लू अरहा भी मौजूद थे।
टोक्यो पहुंचते ही अल्लू अर्जुन का जापानी प्रशंसकों ने ज़ोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में मौजूद फैंस उनके फिल्मों के पोस्टर और फूलों के गुलदस्ते लेकर आए थे। अल्लू अर्जुन ने भी बेहद गर्मजोशी से फैंस से मुलाकात की, उनका प्यार स्वीकार किया और इस पल को खास बना दिया। उनके आगमन का वीडियो फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।
गीक पिक्चर्स और शोचिकु डिस्ट्रीब्यूटर्स ने मिथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स के साथ मिलकर पुष्पा को जापान के सिनेमाघरों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ली है। यह फिल्म जापान में लगभग 250 स्क्रीनों पर बड़े स्तर पर रिलीज़ की जाएगी। जापानी दर्शकों का भारतीय फिल्मों के प्रति हमेशा अच्छा रिस्पॉन्स रहा है, ऐसे में मेकर्स को पूरा भरोसा है कि पुष्पा 2: द रूल वहां भी दर्शकों के दिलों को जीत लेगी।
पुष्पा 2: द रूल के साथ अल्लू अर्जुन ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। फिल्म ने हिंदी में ₹800 करोड़ और दुनियाभर में लगभग ₹1800 करोड़ की कमाई की है। आने वाले प्रोजेक्ट्स की बात करें तो अल्लू अर्जुन मशहूर निर्देशक एटली के साथ एक नई एक्शन-थ्रिलर फिल्म पर काम कर रहे हैं, जिसका अस्थायी नाम AA22XA6 है। इस फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण भी नजर आएंगी।
