अपने बर्थडे पर दीपिका ने शुरू की नई पहल, लॉन्च किया ''द ऑनसेट प्रोग्राम'', नए कलाकारों का पूरा होगा सपना
Monday, Jan 05, 2026-03:17 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण का आज बर्थडे है। 5 जनवरी को एक्ट्रेस अपना 40वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। वहीं, अपने जन्मदिन के खास मौके पर दीपिका ने युवा क्रिएटिव टैलेंट को आगे बढ़ाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। एक्ट्रेस ने सच्ची कहानियों और नए टैलेंट को आगे बढ़ाने के लिए ‘द ऑनसेट प्रोग्राम’ की शुरुआत का ऐलान किया है।

‘द ऑनसेट प्रोग्राम’ दीपिका पादुकोण के क्रिएट विद मी प्लेटफॉर्म का अगला कदम है, जिसका मकसद ऐसे नए क्रिएटिव आर्टिस्ट्स को मौका देना है जो इंडियन फिल्म, टीवी और विज्ञापन की दुनिया में अपना करियर बनाना चाहते हैं, ऐसे में उनकी टैलेंट देखी जाए, सुनी जाए और सही मायनों में सामने आ सके इसलिए यह प्लेटफॉर्म बनाया गया है।
दीपिका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “पिछले एक साल से मैं देश और उसके बाहर से बेहतरीन क्रिएटिव टैलेंट को पहचानने और उन्हें देखने, सुनने और अनुभव करने का मंच देने को लेकर बहुत गहराई से महसूस कर रही हूं। द ऑनसेट प्रोग्राम के लॉन्च का ऐलान करते हुए मैं बेहद खुश हूं और अगली पीढ़ी के क्रिएटिव टैलेंट से आप सभी को मिलवाने का मुझे बेसब्री से इंतज़ार है।”
यह प्रोग्राम जहां अच्छे और होनहार लोगों को सीखने के मौके देगा, वहीं उन लोगों के लिए भी आगे बढ़ने का मंच बनेगा जिनके पास अपने प्रोजेक्ट को संभालने का अनुभव और हुनर है। इसके पहले चरण में लिखना, निर्देशन, कैमरा, लाइट, एडिटिंग, साउंड, आर्ट, कपड़ों की डिज़ाइन, हेयर स्टाइलिंग, मेकअप और प्रोडक्शन जैसे काम शामिल होंगे।
