राम चरण-उपासना ने किया जुड़वा बच्चों का नामकरण, बड़ी बेटी क्लिन कारा से काफी अलग है ट्विंस के नाम

Friday, Feb 13, 2026-12:16 PM (IST)

मुंबई. साउथ स्टार राम चरण ने 31 जनवरी को पत्नी उपासना कोनिडेला संग जुड़वां बच्चों का स्वागत किया था। पहले से एक बेटी क्लिन कारा के बाद फिर से एक बेटा और बेटी का दुनिया में स्वागत कर कपल की खुशी सातवें आसमान पर है। वहीं, अब हाल ही में उन्होंने आधिकारिक रूप से अपने जुड़वा बच्चों नामों की घोषणा कर दी है। कपल ने हैदराबाद स्थित अपने घर पर एक सादगीपूर्ण नामकरण समारोह में दुनिया को अपने नन्हे-मुन्नों से मिलवाया और उनके नाम का खुलासा भी किया। 

 

राम चरण के न्यूबॉर्न बेबीज का नाम काफी यूनिक है। उन्होंने अपने बेटे का नाम शिवराम और बेटी का नाम अनवीरा देवी रखा है। हाल ही में वैरायटी इंडिया से बातचीत के दौरान राम और उपासना ने इन नामों के पीछे की भावना, पारिवारिक जुड़ाव और आध्यात्मिक महत्व के बारे में बताया। राम चरण ने कहा कि बच्चों का नाम चुनना उनके लिए केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि बेहद निजी और आध्यात्मिक निर्णय था। उन्होंने कहा, 'हम दोनों ने इस पर गहराई से विचार किया। हालांकि यह हमारा फैसला था, लेकिन हमारे माता-पिता इस पूरी प्रक्रिया का अहम हिस्सा रहे। हमारे संस्कारों में बड़ों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन बहुत मायने रखता है। हम चाहते थे कि हमारे बच्चों के नाम में परंपरा, आध्यात्मिकता और परिवार की विरासत की झलक हो।'

 
उन्होंने आगे बताया कि उनके बेटे का नाम, शिवराम, दो शाश्वत आदर्शों भगवान शिव और भगवान राम से प्रेरित है। यह नाम संयम के साथ शक्ति और भक्ति के साथ धर्मनिष्ठा का प्रतीक है। राम ने बताया कि यह नाम उनके पिता के जन्म नाम शिव शंकर वर प्रसाद को भी सम्मान देता है। इस तरह यह नाम न केवल आध्यात्मिकता बल्कि पारिवारिक विरासत और कृतज्ञता से भी जुड़ा हुआ है। बेटी के नाम के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि अनवीरा देवी नाम असीम साहस और दिव्य स्त्री शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है। वीरा का अर्थ है बहादुरी, जबकि अन इसे अनंत और निरंतर बना देता है। देवी शब्द जानबूझकर जोड़ा गया है ताकि यह याद दिलाया जा सके कि शक्ति और करुणा साथ-साथ चल सकती हैं।

बातचीत में उपासना कोनिडेला ने भी दूसरी बार मां बनने के अनुभव को शेयर किया और कहा कि पहली बार मां बनना खूबसूरत होने के साथ-साथ बेहद चुनौतीपूर्ण भी था क्योंकि सब कुछ नया था। उन्होंने कहा, 'इस बार मैं ज्यादा शांत और स्थिर महसूस कर रही हूं। मैंने बहुत सी अनावश्यक चिंताओं को छोड़ना सीख लिया है। अब मैं छोटी-छोटी बातों पर घबराती नहीं हूं। बच्चों को इस समय स्थिरता, नियमितता और बिना शर्त प्यार की जरूरत होती है'

 

जुड़वां बच्चों की देखभाल के अनुभव को उन्होंने मैजिकल बताया और कहा कि अभी उन्हें केवल एक सप्ताह हुआ है, इसलिए वह बहुत जल्दी कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहतीं, लेकिन अपने तीनों बच्चों को एक साथ देखना उनके लिए बेहद भावुक और संतोषजनक अनुभव है। उन्होंने यह भी बताया कि राम इस बार पहले से भी ज्यादा सक्रिय और सहयोगी हैं। खासकर अपनी बड़ी बेटी क्लिन कारा के साथ।

 राम चरण-उपासना की शादी 
बता दें, राम चरण और उपासना ने दिसंबर 2011 में सगाई की थी और जून 2012 में शादी के बंधन में बंधे थे। शादी से पहले काफी समय तक दोनों ने एक दूजे को डेट किया था। जून 2023 में उन्होंने अपनी पहली बेटी क्लिन कारा का स्वागत किया था। अब अपने परिवार में दो नए सदस्यों के आगमन के उनका परिवार कंप्लीट हो गया है।


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News