सलमान की को-एक्ट्रेस डेजी शाह ने दिया सलीम खान का Health Update, कहा- अब वह खतरे से बाहर हैं
Wednesday, Feb 25, 2026-05:45 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के पिता और मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद फैंस और सेलेब्स उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। वहीं, बीते दिनों उनकी फैमिली ने सलीम की हेल्थ को लेकर कोई भी अपडेट देने से मना कर दिया था। इन सबके बीच हाल ही में सलमान खान की एक्ट्रेस डेज़ी शाह ने एक्टर के पिता को लेकर अपडेट दिया है।

डेजी शाह ने दी हेल्थ अपडेट
सलमान खान की फिल्म जय हो में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस डेज़ी शाह ने हाल ही में सलीम खान की सेहत को लेकर बताया कि 'मैं सलीम सर से नहीं मिल पाई, लेकिन मैं सलमान सर और उनके परिवार के साथ लगातार टच में हूं। सलीम सर अब ठीक हैं। वह स्टेबल हैं। सर्जरी अच्छी हुई, यह सफल रही और वह डॉक्टर की निगरानी में हैं। वह खतरे से बाहर हैं।'

करीबी सूत्रों की जानकारी
सलमान खान के करीबी और एक्टर संतोष शुक्ला ने भी बताया कि सलीम खान की स्थिति में सुधार हो रहा है और उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया है। फिलहाल डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

क्या हुआ था सलीम खान को?
डॉक्टरों के अनुसार, सलीम खान को हल्का ब्रेन हेमरेज हुआ था। इसके बाद इलाज के दौरान उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा गया। शुरुआती चरण में उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन बाद में उनकी स्थिति में सुधार देखा गया। डॉक्टरों का कहना है कि उम्र अधिक होने के कारण रिकवरी थोड़ी धीमी है, हालांकि अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इन सितारों ने की अस्पताल में मुलाकात
सलीम खान की तबीयत की खबर मिलते ही कई बड़े सितारे जैसे शाहरुख खान, रणवीर सिंह, आमिर खान समेत कई हस्तियों ने परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था।
