ICU में भर्ती सलीम खान की चिंता में सलमान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी ने लिखा भावुक पोस्ट, कहा- वो मेरे लिए पिता समान थे
Wednesday, Feb 18, 2026-01:40 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के पिता और फेमस राइटर सलीम खान को बीते मंगलवार तबीयत नाजुक होने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। सलीम खान की अचानक तबीयत बिगड़ने और आईसीयू में भर्ती होने की खबर से उनके फैंस काफी घबरा गए थे और जल्द ठीक होने की दुआ मांगते नजर आए थे। वहीं, खान परिवार को सलीम खान के लिए काफी चिंतित नजर आया था। इसी बीच सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड व एक्ट्रेस सोमी अली ने भी उनके जल्द ठीक होने की दुआ की। साथ ही अपने पोस्ट में उन्होंने सलीम खान को अपने पिता जैसा बताया।

सोमी अली ने सलीम खान के लिए शेयर किए पोस्ट में लिखा, 'ये सुनकर मेरा दिल बैठ गया कि सलीम खान को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दुनिया के लिए वो बेशक एक महान लेखक हैं, जिन्होंने अमिताभ बच्चन जैसे सुपरस्टार को बनाया और शोले जैसी अमर फिल्म बनाई। वो मेरे लिए पिता समान थे। उनके घर में रहते हुए मुझे बेटी की तरह प्यार मिला। साथ बैठकर खाना, धर्म पर गहरी बातें, जहां हर मजहब को एक समान माना जाता था।
एक्ट्रेस ने आगे लिखा- उन्होंने सिखाया कि भगवान किसी भी सिद्धांत से बड़े होते हैं और कहानी में ड्रामे के साथ सच्चाई होना जरूरी है। उनकी प्रतिभा ने सिनेमा का इतिहास बनाया। उनकी इंसानियत ने लोगों को संवारा। मैं उनके जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। वो मेरे लिए शब्दों से कहीं ज्यादा मायने रखते हैं।'

बता दें, सलीम खान को 17 फरवरी को मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार उनकी सर्जरी की गई है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही सलमान खान के साथ-साथ अरबाज खान, सोहेल खान, अर्पिता खान और अलवीरा खान अस्पताल पहुंचे। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल के बाहर मौजूद नजर आए।
