‘तारक मेहता’ के सोढ़ी फेम गुरुचरण सिंह की वापसी की उम्मीद, फैंस हुए खुश
Thursday, Oct 09, 2025-05:48 PM (IST)

बॉलीवुड तड़का : लोकप्रिय टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में सोढ़ी के किरदार से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले अभिनेता गुरुचरण सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपने फैंस को जल्द ही खुशखबरी देने का इशारा किया है। लंबे समय से पर्दे से दूर रहने वाले गुरुचरण के इस वीडियो को देखने के बाद उनके चाहने वालों में उत्साह भर गया है और वे उन्हें शो में वापसी के लिए उत्साहित कर रहे हैं।
तीन साल से दूरी और आर्थिक संघर्ष
कोरोना महामारी के बाद करीब तीन साल पहले गुरुचरण सिंह अचानक से शो और टीवी इंडस्ट्री से गायब हो गए थे। उनके लापता होने की खबर तब काफी चर्चा में आई थी, जब उन्होंने अपने दिल्ली वाले घर से मुंबई के लिए रवाना होने के बाद अचानक संपर्क नहीं किया। इस दौरान उनकी खोजबीन की गई और दिल्ली पुलिस ने किडनैपिंग के संदेह में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। करीब 26 दिनों के बाद गुरुचरण खुद घर लौट आए थे। उन्होंने बताया था कि वे आर्थिक संकट से गुजर रहे थे और काम की कमी के कारण मुश्किलों का सामना कर रहे थे।
गुरुचरण ने सुनाई खुशी की बात
अब गुरुचरण सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने कहा, “आज मैं कई दिनों बाद आप सभी के सामने आया हूं। बाबा जी ने मेरी, मेरे परिवार की और आप सभी फैंस की अरदास सुन ली हैं। मैं आप सभी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। मेरे पास एक बहुत बड़ी खुशखबरी है जो मैं आप सबके साथ बहुत जल्द ही शेयर करूंगा। आप सभी का धन्यवाद, आपने मेरे लिए दुआ की, इसे मैं कभी नहीं भूलूंगा।” इस वीडियो को देखकर फैंस ने खुशी जाहिर की और उनके जल्द वापसी की उम्मीद जताई। कई कमेंट्स में फैंस ने लिखा कि अगर गुरुचरण फिर से तारक मेहता का उल्टा चश्मा में लौटे तो इससे बड़ी कोई खुशी नहीं होगी। कुछ ने सीधे उनसे कहा, “यही बोल दो पाजी, दिल खुशी से डांस करेगा।”
फैंस में लौटने की उम्मीदें बढ़ीं
गुरुचरण के इस वीडियो के बाद यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे जल्द ही अपने प्रसिद्ध किरदार सोढ़ी के रूप में शो में वापसी कर सकते हैं। उनके फैंस इस बात को लेकर बेहद उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें वापस देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।