मुश्किलों में घिरे राजपाल यादव का टीवीएफ ने थामा हाथ, बुरे वक्त में साथ देने का किया वादा
Friday, Feb 13, 2026-04:38 PM (IST)
मुंबई. चेक बाउंस और कर्जे के बोझ तले दबे एक्टर राजपाल यादव इन दिनों तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। 5 फरवरी को पैसे न चुका पाने के कारण एक्टर ने खुद को सरेंडर कर दिया था। कर्जे के बोझ तले दबे इस एक्टर की मदद के लिए फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां सामने आई है। इसी कड़ी में अब द वायरल फीवर (टीवीएफ) ने मुश्किल समय में उनका साथ देने का वादा किया है।

टीवीएफ ने रामपाल यादव के साथ खड़े होने का फैसला किया है और उनके साथ काम करने की इच्छा भी जताई है। टीवीएफ ने सोशल मीडिया पर लिखा ,“इस मुश्किल घड़ी में हम राजपाल यादव जी के साथ मजबूती से खड़े हैं राजपाल यादव जी, हर दौर में आपके काम ने लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई है। हम आपके साथ हैं और आपका पूरा समर्थन करते हैं। हम सच में एक दिन आपके साथ कुछ खास बनाना चाहेंगे। एक ऐसी सीरीज़, जिसमें दर्शक आपकी उस जादूगरी को और करीब से देख सकें जो आप अपने साथ लेकर चलते हैं। हमेशा आपके लिए दुआ करते रहेंगे।

किस मामले को लेकर जेल में हैं एक्टर
बताया जाता है कि राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता-पता लापता’ के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता ली थी। उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से कथित तौर पर 5-5 करोड़ रुपये का कर्जा लिया था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी, जिसके बाद कर्ज चुकाने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस प्रकरण में साल 2018 में भी उन्हें तीन महीने की सजा भुगतनी पड़ी थी। बाद में बकाया राशि और ब्याज बढ़ने के कारण मामला और जटिल हो गया। अंत कर्जा न चुका पाने के कारण उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा।
