''बॉर्डर 2'' में सुनील शेट्टी से तुलना होने पर बेटे अहान ने किया रिएक्ट, पिता संग काम न कर पाने का जताया मलाल

Monday, Feb 09, 2026-04:26 PM (IST)

मुंबई. 24 जनवरी को रिलीज हुई मल्टीस्टारर फिल्म ‘बॉर्डर-2’ इस वक्त काफी चर्चा में बनी हुई है। फिल्म ने अब तक भारत में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और दर्शकों का भी इसे खूब प्यार मिल रहा है। हालांकि, इस बार फिल्म में सुनील शेट्टी नजर नहीं आए। उनकी जगह उनके बेटे व एक्टर अहान शेट्टी ने एक नौसेना अधिकारी का रोल निभाया है, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया है। वहीं, हाल ही में एक्टर ने पिता संग काम न कर पाने पर अपना दर्द बयां किया।
 

 

हाल ही में एक बातचीत में अहान शेट्टी ने कहा कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि वो अपने पिता के साथ फिल्म में शूट नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि फिल्म का आखिरी सीन ऐसा था जिसे वो अपने पिता के साथ करना चाहते थे लेकिन ऐसा हो नहीं सका। अहान ने बताया कि उन्हें पहले से ही अंदाजा था कि फिल्म के रिलीज होते ही उनकी तुलना सुनील शेट्टी से की जाएगी खासकर इसलिए क्योंकि उन्हें वही खास सीन निभाना था जो उनके पिता ने पहले पार्ट में किया था।


 
अहान शेट्टी ने स्वीकार किया कि शुरुआत में वो ये सोचकर घबरा गए थे कि क्या वो इस रोल के साथ न्याय कर पाएंगे या नहीं। उन्हें ये भी महसूस हो रहा था कि तुलना होना तय है, लेकिन इसके साथ ही उन्हें ये एहसास भी था कि अब उनके कंधों पर अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है।


एक्टर ने कहा कि डरने से कुछ हासिल नहीं होता इसलिए उन्होंने खुद पर किसी तरह का दबाव नहीं बनने दिया और पूरे फोकस के साथ किरदार को ईमानदारी से निभाने की कोशिश की।

अहान शेट्टी ने आगे कहा कि फिल्म को मिल रहा रिस्पॉन्स उनके लिए बहुत मायने रखता है। लोगों ने न सिर्फ फिल्म को पसंद किया बल्कि उनके काम की भी तारीफ की जो उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है। 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News