Premanand Maharaj के दरबार में पहुंचे अमिताभ बच्चन के हमशक्ल, फिर कही ऐसी बात कि सुनकर हंसी नहीं रोक पाए महाराज
Wednesday, Feb 26, 2025-11:59 AM (IST)

बाॅलीवुड तड़का : प्रेमानंद महाराज अपनी सादगी और धर्म के प्रचार के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। उनके दरबार में अक्सर बड़ी-बड़ी हस्तियां पहुंचती हैं। हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अमिताभ बच्चन के डुप्लीकेट शशिकांत पेडवाल, जो बिल्कुल अमिताभ की तरह दिखते हैं और उनकी आवाज भी वैसी ही है, प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर रहे हैं। इस वीडियो में शशिकांत महाराज से बात करते हुए कुछ ऐसा कहते हैं, जिससे महाराज हंसने लगते हैं।
डुप्लीकेट अमिताभ का महाराज से संवाद
इस वीडियो में शशिकांत पेडवाल प्रेमानंद महाराज से बातचीत करते हुए बताते हैं कि कोविड के दौरान उन्होंने लोगों को हिम्मत दी और उन्हें जल्दी ठीक होने की शुभकामनाएं दीं। शशिकांत कहते हैं कि उन्होंने बीमार लोगों को मोटिवेट किया और उन्हें अच्छा महसूस कराया। प्रशासन ने उनकी इस मदद के लिए सराहना भी की। अब वह कैंसर के मरीजों से भी मिलते हैं और उनका हौसला बढ़ाते हैं। शशिकांत का कहना था कि यह काम उन्हें बहुत अच्छा लगता है, और लोग इससे प्रेरित होते हैं।
इसके बाद शशिकांत ने महाराज से पूछा कि उन्हें आगे क्या करना चाहिए। प्रेमानंद महाराज ने उन्हें सलाह दी कि वह लोगों से मिलकर भगवान के नाम का जाप कराएं ताकि लोगों के दिल को शांति और तसल्ली मिल सके। महाराज ने कहा कि लोगों के मन को भगवान के नाम से सुकून देना सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। शशिकांत के बिग बी की तरह बात करने पर महाराज जोर-जोर से हंसने लगे।
सोशल मीडिया पर रिएक्शन्स
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों के विभिन्न रिएक्शन्स आ रहे हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'नकली अमिताभ बच्चन तो आ गए, अब असली अमिताभ बच्चन को भी महाराज के दरबार में आना चाहिए।' एक अन्य यूजर ने शशिकांत के बारे में कहा, 'अगर ये अपनी असलियत न बताए, तो लोग इन्हें ही अमिताभ बच्चन मान लें।' वहीं एक और यूजर ने प्रेमानंद महाराज की तारीफ करते हुए लिखा, 'महाराज ही सच्चे साधु हैं, बाकी तो सब राजनीति के भूखे हैं।'
यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत शेयर किया जा रहा है और अब तक लाखों लोग इसे देख चुके हैं। लोग इस वीडियो के जरिए प्रेमानंद महाराज की सादगी और शशिकांत की प्रेरणादायक बातें भी शेयर कर रहे हैं।