पहली बार सफेद बालों और मूछों में नजर आए अनिल कपूर, सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी तस्वीर
Tuesday, Feb 03, 2026-03:15 PM (IST)
मुंबई. जहां लोग अपनी बढ़ती उम्र में आने वाले सफेद बालों लेकर शर्मिंदा महसूस करते हैं, उन्हें हेयर कलर्स से छिपाते हैं। वहीं, बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर अपने ग्रे हेयर्स को लेकर खुलकर सामने आए हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी एक लेटेस्ट फोटो शेयर की हैं, जिसमें वह अपने सफेद बालों को पूरे स्टाइल और कॉन्फिडेंस से फ्लॉन्ट करते नजर आ रहे हैं। उनकी ये तस्वीर सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गई। फैंस से लेकर सेलेब्स तक अब इस पर खूब रिएक्ट करते नजर आ रहे हैं।
69 साल के अनिल कपूर अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह सफेद बालों और मूंछों के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर में उनका अंदाज काफी गंभीर और इंटेंस दिख रहा है। इस फोटो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “कोई नहीं जानता… आगे क्या होने वाला है।” अनिल कपूर का यह ग्रे लुक देखते ही देखते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और फैंस उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।

अनिल कपूर के इस बदले हुए अंदाज पर फैंस की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। कई लोगों ने फायर और हार्ट इमोजी के जरिए उनके नए लुक को “झक्कास” बताया, तो कुछ फैंस इस ट्रांसफॉर्मेशन को देखकर हैरान नजर आए। एक्टर दर्शन कुमार ने कमेंट करते हुए लिखा, “वाह, झक्कास।” वहीं सुधांशु पांडे, रितेश देशमुख और अनुपम खेर ने भी अनिल कपूर के इस लुक की सराहना की।
अब सवाल यह है कि अनिल कपूर ने यह ग्रे लुक क्यों अपनाया है? कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि यह लुक किसी अपकमिंग प्रोजेक्ट की तैयारी का हिस्सा हो सकता है, जबकि कुछ लोग इसे महज एक स्टाइल एक्सपेरिमेंट मान रहे हैं। हालांकि, अनिल कपूर की ओर से अभी तक इस लुक के पीछे की असली वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
