''दुनिया की तरह इंडस्ट्री भी बदल गई..जावेद जाफरी ने एआर रहमान के सपोर्ट में कही बात
Thursday, Jan 22, 2026-02:51 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार एआर रहमान अपने 'कम्युनल' वाले बयान के बाद से विवादों में घिरे हुए हैं। उनके इस स्टेटमेंट के बाद हर कोई इस पर अपनी राय दे रहा है और उन पर निशाना साध रहा है। हालांकि, माफी मांगने के बाद भी रहमान अपने बयान को लेकर ट्रोल हो रहे हैं। इसी बीच अब हाल ही में एक्टर जावेद जाफरी ने सिंगर के सपोर्ट में अपनी बात कही है।

जावेद जाफरी ने IANS से बात करते हुए कहा, 'दुनिया की तरह इंडस्ट्री भी बदल गई है। डिजिटल। एआई। दुनिया बदल रही है। फैशन बदल रहा है, खान-पान बदल रहा है। मूल्य बदल रहे हैं। जाहिर है, सोच का तरीका भी बदल रहा है। मुझे हाल ही में पता चला है कि जेनरेशन जेड या अल्फा पीढ़ी के लोगों का ध्यान सिर्फ 6 सेकंड तक ही टिकता है।'
एक्टर ने कहा- 'चैनल प्रमुखों का कहना है कि अगर आप इसे 6 सेकंड में कैद नहीं कर सकते, तो यह खत्म हो गया। हम इतनी तेजी से बदल रहे हैं। बस यही बात है। ठीक है। कुछ ढांचा तो रहा है। कुछ अवसर भी मिले हैं। आप लंबी कहानी सुना सकते हैं, लेकिन फिल्म में समय सीमित होता है। विकल्प तो हैं, लेकिन साथ ही व्यापार भी है। आंकड़े भी हैं। आप एक प्रोजेक्ट बना रहे हैं, फिल्म नहीं।'
क्या बोले थे एआर रहमान?
एआर रहमान ने BBC Hindi को दिए इंटरव्यू में कहा था कि पिछले 8 साल से उन्हें बॉलीवुड में काम मिलना बंद हो गया है। ऐसा सांप्रदायिकता की वजह से हो सकता है। वहां पर जो लोग बैठे हैं, वो क्रिएटिव नहीं हैं। सिंगर के इस बयान की काफी आलोचना हुई थी, जिसके बाद उन्होंने एक वीडियो शेयर कर माफी मांगी थी और कहा था कि उनके कहने का यह उद्देश्य नहीं था।
