कंगना रनौत ने कुणाल कामरा विवाद पर दिया बयान, एक्ट्रेस ने खुद पर हुए मजाक का किया जिक्र

Tuesday, Mar 25, 2025-04:35 PM (IST)

बाॅलीवुड तड़का : कॉमेडियन कुणाल कामरा को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के बाद लगातार विरोध का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में, मुंबई के हैबिटेट स्टूडियो में शिवसैनिकों ने तोड़फोड़ की। इस घटना पर फिल्ममेकर हंसल मेहता ने कुणाल कामरा का समर्थन किया है, जबकि अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने नगर निगम की कार्रवाई का समर्थन किया।

कंगना रनौत ने क्या कहा?

कंगना रनौत ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'जब मेरे आवास पर अवैध कार्रवाई की गई थी और मेरा मजाक उड़ाया गया था, तब मुझे बिल्कुल भी कोई समर्थन नहीं मिला। मैं इस हादसे को उसी घटना से जोड़कर नहीं देख रही हूं। किसी भी व्यक्ति का अपमान करना गलत है, और खासकर जब किसी के लिए इज्जत सबसे अहम होती है। कॉमेडी के नाम पर गालियां देना और किसी का मजाक उड़ाना हमें अपने समाज की दिशा पर सोचने पर मजबूर करता है।'

कंगना ने आगे कहा, 'दो मिनट की प्रसिद्धि के लिए माताओं-बहनों का मजाक उड़ाना या हमारे ग्रंथों का मजाक उड़ाना गलत है। हमें इसके बारे में गंभीरता से सोचने की जरूरत है। देवेंद्र फडणवीस ने सही कहा था कि जो हम कहते हैं, उसकी जिम्मेदारी हमें लेनी चाहिए। इस घटना को मेरे साथ हुई घटना से जोड़ने की कोई वजह नहीं है।'

कुणाल कामरा का कंगना रनौत के खिलाफ मजाक

साल 2020 में, जब बीएमसी ने कंगना रनौत के मुंबई स्थित आवास पर अवैध कार्रवाई की थी, तब कुणाल कामरा ने इस कार्रवाई का समर्थन किया था। उन्होंने खिलौना बुलडोजर के साथ तस्वीर खिंचवाई और कंगना का मजाक उड़ाया। उस समय का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस घटनाक्रम से साफ है कि कुणाल कामरा के बयान और कंगना रनौत के अनुभव को लेकर दोनों पक्षों के विचार बिल्कुल अलग हैं।

 

 


Content Editor

Mehak

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News