बॉम्बे नहीं मुंबई बोलो नहीं तो... MNS नेता की काॅमेडियन कपिल शर्मा को चेतावनी
Friday, Sep 12, 2025-08:48 AM (IST)

मुंबई: काॅमेडियन कपिल शर्मा एक बाद एक मुसीबत में फंसते ही जा रहे हैं। जहां पहले उनके कनाडा वाले कैफे में एख के बाद एक फायरिंग हुईं। उन्हें धमकी मिली। वहीं अब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा को अपने शो में मुंबई को 'बॉम्बे' या 'बंबई' कहकर उसका 'अपमान' करने को लेकर चेताया। मनसे ने कहा कि अगर ये बंद नहीं किया तो वह इसके खिलाफ कड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। मनसे नेता अमेय खोपकर ने पत्रकारों से बात करते हुए कपिल शर्मा को यह चेतावनी दी।
ये चेतावनी शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन की चर्चा के बीच मुंबई में अपने चचेरे भाई और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के घर जाने के एक दिन बाद आई है।
अमेय खोपकर ने कहा- 'इस शहर का नाम मुंबई है। कपिल शर्मा के शो में, हम लंबे समय से देखते आ रहे हैं और इस नए सीजन के शुरू होने से पहले भी... शहर को हमेशा बॉम्बे या बम्बई कहा जाता है। हम इसका विरोध करते हैं। यह कोई आपत्ति नहीं बल्कि गुस्सा है। इस शहर का नाम मुंबई है। अगर आप दूसरे शहरों को चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे उनके सही नामों से बुला सकते हैं तो हमारे शहर का अपमान क्यों कर रहे हैं?'
उन्होंने आगे कहा, 'आप (शर्मा) इतने सालों से मुंबई में काम कर रहे हैं, मुंबई आपकी कर्मभूमि है। मुंबई के लोग आपको पसंद करते हैं और आपका शो देखते हैं। मुंबई हमारे दिलों में है इस शहर का अपमान मत करो, मुंबई के लोगों का अपमान मत करो। मैं कपिल शर्मा को चेतावनी दे रहा हूं।'
अमेय खोपकर ने कहा- 'मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि अगर यह गलती से हुआ है तो गलती सुधार लें। आपके शो में जो भी आए, चाहे वे सेलिब्रिटी हों या एंकर, उन्हें पहले बताएं कि वे मुंबई को बॉम्बे या बंबई न कहें। उन्हें मुंबई कहना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो मनसे एक आंदोलन शुरू करेगी।'