''मुंबई लौटूंगा तो गिरफ्तार हो जाऊंगा, मेरी जान को खतरा'' कुणाल कामरा ने खटखटाया मद्रास HC का दरवाजा,की अग्रिम जमानत की मांग
Friday, Mar 28, 2025-12:33 PM (IST)

मुंबई: स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा विवाद मामले में नया अपडेट सामने आया है। कुणाल कामरा ने अपनी जान को खतरा बताते हुए मद्रास हाई कोर्ट से ट्रांजिट अग्रिम जमानत की मांग की है। उन्होंने कहा-'मैं विल्लुपुरम (तमिलनाडु) का रहने वाला हूं। अगर मुंबई वापस आऊंगा तो मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा, शिवसेना कार्यकर्ताओं से मेरी जान को खतरा है।'
कॉमेडियन ने गिरफ्तारी से सुरक्षित होने के लिए मद्रास के हाईकोर्ट से ट्रांजिट अग्रिम जमानत की मांग की है। कुणाल के मुताबिक वो तमिलनाडु के विल्लुपुरम के स्थायी निवासी हैं। जिसके चलते वो वहां ट्रांजिट याचिका दायर कर सकते हैं। कुणाल का मानना है कि शो में हुए विवाद के बाद से उन्हें जान से मारने की धमकियां भी लगातार मिल रही हैं। वहीं शो के बाद हैबिटेट क्लब में शिवसैनिकों ने तोड़-फोड़कर खूब हंगामा किया था। अदालत ने दोपहर 2 बजे याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जताई है।
गौरतलब है कि कॉमेडियन ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ऊपर मुंबई लाइव शो में विवादित गाना गाया था। जिसके बाद उन पर मुंबई में एफआईआर दर्ज हो गई है। वहीं पुलिस उन्हें पेश होने का समन भी जारी कर चुकी है। विवाद होने के बाद कुणाल के खिलाफ शिवसैनिकों ने मुंबई में एफआईआर दर्ज करवा दी थी। इसके बाद पुलिस ने कुणाल को समन भी जारी किया था जिसके बाद कामरा ने पुलिस से 1 हफ्ते का समय मांगा था। पुलिस ने कामरा की ये मांग खारिज कर दी थी।
दूसरी ओर जब से कुणाल विवादों में घिरे हैं तब से उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो विवादित वीडियोज अपलोड की हैं। एक वीडियो में वो विवाद के बारे में दिखाते हुए एक नई पैरोडी गा रहे हैं। वहीं दूसरी वीडियो में वो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर कटाक्ष करते नजर आ रहे हैं।