चिकनगुनिया की चपेट में आईं ‘लापता लेडीज’ की डायरेक्टर किरण राव, इंस्टाग्राम पर दिया हेल्थ अपडेट
Wednesday, Feb 18, 2026-03:58 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड की जानी-मानी फिल्ममेकर किरण राव इन दिनों स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। हाल ही में किरण ने सोशल मीडिया पर खुलासा किया कि उन्हें चिकनगुनिया हो गया है। इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की गई तस्वीरों में उन्होंने अपनी रिकवरी की झलक दिखाते हुए फैंस को अपनी तबीयत के बारे में अपडेट दिया।

इंस्टाग्राम पर दी हेल्थ अपडेट
किरण राव ने मंगलवार को इंस्टाग्राम स्टोरी में सोफे पर लेटी हुई अपनी एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर में वह मुस्कुराते हुए कैमरे की ओर देख रही हैं, जबकि उनकी पालतू बिल्ली उनके पैरों के पास बैठी नजर आ रही है। फोटो के साथ उन्होंने लिखा कि उन्हें चिकनगुनिया हो गया है और उनकी “बेहतरीन पैरामेडिक” यानी उनकी बिल्ली उनके बुखार पर नजर रख रही है। उन्होंने इस पोस्ट के जरिए हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी तबीयत की जानकारी दी।

एक अन्य स्टोरी में उन्होंने दोस्तों से मिले ग्रीटिंग कार्ड्स, अपनी पढ़ाई के लिए रखी किताब और एयरपॉड्स की तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा कि वह धीरे-धीरे रिकवर कर रही हैं, दोस्तों के संदेश पढ़ रही हैं और किताब पूरी कर रही हैं। साथ ही उन्होंने जोड़ों में तेज दर्द का जिक्र करते हुए सभी से सावधानी बरतने की अपील भी की।

हाल ही में हुई थी सर्जरी
गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में किरण राव की अपेंडिक्स सर्जरी हुई थी। उस समय भी उन्होंने अस्पताल से तस्वीरें शेयर कर अपनी सेहत के बारे में जानकारी दी थी और डॉक्टरों व शुभचिंतकों का आभार जताया था। वहीं, अब चिकनगुनिया से उबर रही हैं।
किरण राव का फिल्मी सफर
किरण राव ने निर्देशन की शुरुआत 2011 में फिल्म ‘धोबी घाट’ से की थी। इससे पहले वह ‘पीपली लाइव’ और ‘देली बेली’ जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुकी थीं। उन्होंने ‘दंगल’, ‘तलाश’, ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ और ‘सितारे जमीन पर’ जैसी चर्चित फिल्मों को भी प्रोड्यूस किया। साल 2024 में उन्होंने निर्देशन में वापसी करते हुए फिल्म ‘लापता लेडीज’ बनाई, जिसे समीक्षकों ने काफी सराहा। यह फिल्म ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री भी बनी, हालांकि अंतिम सूची में जगह नहीं बना सकी।
