''मराठी खाना गरीबों का ... विवेक अग्निहोत्री के बयान पर बवाल, सोशल मीडिया पर हो रहे ट्रोल
Wednesday, Aug 20, 2025-01:14 PM (IST)

मुंबई. फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' से चर्चा में आए निर्देशक विवेक अग्निहोत्री एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उनकी अपकमिंग फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' नहीं, बल्कि एक बयान सोशल मीडिया पर बवाल मचा रहा है। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में मराठी खाने को लेकर ऐसा कमेंट कर दिया, जिससे महाराष्ट्र के लोग नाराज हो गए।
विवेक अग्निहोत्री इन दिनों अपनी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' के प्रमोशन में लगे हुए हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने एक यूट्यूब चैनल को इंटरव्यू दिया। इस दौरान उनसे उनके खाने की पसंद के बारे में सवाल पूछा गया। उनकी पत्नी और एक्ट्रेस पल्लवी जोशी ने कहा- मैं जब मराठी खाना बनाती हूं, तो ये नहीं खाते। कहते हैं, ये क्या गरीबों का खाना बना लेती हो।
इस पर विवेक ने सफाई देते हुए कहा- मैं दिल्ली से हूं और वहां खाना थोड़ा अलग होता है- ज्यादा घी, मसाले और ताजगी वाला। मराठी खाना थोड़ा हल्का और हेल्दी होता है, इसलिए मुझे लगता है कि उसमें टेस्ट की कमी है। इसी वजह से मजाक में कह देता था कि ये गरीबों का खाना है।
सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
विवेक के इस बयान के वायरल होते ही ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। खासतौर पर महाराष्ट्र के लोगों ने उनके बयान को अपमानजनक बताया और उनसे माफी की मांग की। एक यूजर ने लिखा- मराठी खाना हमारे संस्कृति का हिस्सा है। इसे गरीबों का खाना कहना पूरी तरह गलत है। दूसरे ने कहा- विवेक अग्निहोत्री को अपनी फिल्मों की तरह अपनी ज़ुबान पर भी कंट्रोल रखना चाहिए।”
'द बंगाल फाइल्स' पर विवाद
विवेक की आने वाली फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' पहले से ही चर्चा में है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही कोलकाता में विरोध शुरू हो गया है। फिल्म की कहानी बंगाल के राजनीतिक और सामाजिक हालातों पर आधारित बताई जा रही है। विरोध के बीच फिल्म की रिलीज डेट 5 सितंबर तय की गई है।
विवेक अग्निहोत्री का विवादों से पुराना नाता
विवेक अग्निहोत्री अपने बेबाक बयानों और राजनीतिक रुख के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले भी वे कई बार अपने बयानों की वजह से विवादों में आ चुके हैं, लेकिन वे हमेशा अपने स्टैंड पर कायम रहते हैं।