''ऑपरेशन सिंदूर'' के साथ लौट रही ऋतु सिंह की सोलफुल सिंगिंग – ''मंगल गाओ जी'' हुआ रिलीज
Wednesday, Oct 01, 2025-01:16 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉलीवुड संगीत की दुनिया में हाल ही में एक ताजगी भरी और खूबसूरत आवाज लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही है। यह आवाज है ऋतु सिंह की, जिन्हें उनके चाहने वाले ऋतु सिंग्स के नाम से बुलाते हैं। वह एक ऐसी गायिका, गीतकार और संगीतकार हैं, जिनकी रगों में संगीत बहता है। यह विरासत उन्हें अपने स्वर्गीय पिता से मिली है। बचपन से ही उन्हें संगीत का शौक रहा और उनका संगीत सफर तब शुरू हुआ जब वह स्कूल में रामचरितमानस के पद गाया करती थीं। घर का माहौल भी उनके लिए प्रेरणादायी रहा, जहाँ उनके माता-पिता अक्सर गजलें, फिल्मी गीत और पंजाबी लोकगीत गुनगुनाया करते थे।
ऋतु के लिए संगीत केवल एक कला नहीं, बल्कि जीने का तरीका है। वह महान गायक मुकेश, जगजीत सिंह और चित्रा सिंह को सुनते हुए बड़ी हुईं और उन्हें ही अपना पहला गुरु मानती हैं। उनकी दिलकश गायकी को याद करके, शब्दशः गुनगुनाकर उन्होंने खुद को संवारना शुरू किया। आगे चलकर दिल्ली के मात्री कला केंद्र में औपचारिक प्रशिक्षण ने उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत की बारीकियों से अवगत कराया। इसी ने उनकी गहरी, बेसल आवाज और अनोखी सुफ़ियाना शैली को और निखार दिया। ऋतु की गायकी की शिक्षा अभी पंडित अजॉय चक्रवर्ती और श्री दिब्या बेहेरा से चल रही है।
ऋतु की प्रतिभा केवल गायन तक सीमित नहीं है। बीते दो दशकों से वह लिखती और संगीत रचती भी रही हैं। उनके गीत जीवन के आध्यात्मिक पहलुओं की गहराई को तलाशते हैं। देवी मंदिरों में उनकी संगीत प्रस्तुतियां उनके समर्पण को दर्शाती हैं। वहीं उनके गीत श्रोताओं के भावनात्मक और दार्शनिक स्तर पर गहराई से जुड़ते हैं। जहां “कुछ कमी” जैसे गीत, जो रिश्तों की जटिलताओं पर बात करते हैं, उनकी तरफ से गाया शबद “जो मांगे ठाकुर” उनके बहुमुखी और गहरे व्यक्तित्व को उजागर करता है।
हाल ही में रिलीज़ हुआ उनका गीत “मंगल गाओ जी”, जो देवी को समर्पित है, श्रोताओं से जबरदस्त सराहना पा चुका है। इस गीत ने उन्हें एक ऐसे कलाकार के रूप में स्थापित किया है जो आध्यात्मिक गहराई और लोकप्रिय अपील दोनों से भरपूर हैं। इस सफलता से प्रेरित होकर ऋतु अब अपने अगले गीत “सिंदूर” की तैयारी में हैं, जो आज रिलीज हो गया है। यह गीत “ऑपरेशन सिंदूर” की कहानी बया करता है, जिसमें भक्ति, त्याग और भारत के प्रति प्रेम का गहरा भाव जुड़ा हुआ है।