सैफ अली खान के 18 कैरेट गोल्ड और 71 हीरों से बने चिड़िया वाले ब्रोच ने खींचा सबका ध्यान, कीमत इतनी कि आ जाए एक कार
Monday, Feb 09, 2026-05:11 PM (IST)
मुंबई. एक्टर सैफ अली खान हाल ही में अपनी वाइफ करीना कपूर संग मुंबई में एक खास इवेंट में स्पॉट हुए थे। इस दौरान ये कपल ब्लैक ट्विनिंग करता हुआ सबका दिल जीतता नजर आया। वहीं, सैफ अली खान के ऑल ब्लैक लुक के बीच उनके ब्लेजर पर लगे एक ब्रोच ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। बताया जा रहा है कि सैफ के इस ब्रोच की कीमत लाखों में हैं, इतनी ज्यादा कि इतने में एक गाड़ी आ जाए।

दरअसल, सैफ अली खान अपनी वाइफ करीना कपूर संग मुंबई के टिफनी एंड कंपनी बुटीक में पहुंचे, जहां कैमरों का फोकस एक्टर के लुक से ज्यादा उनके ब्रोच पर जा टिका। उनकी ब्लैक जैकेट पर लगा रॉयल टिफनी ब्रोच उनके पूरे लुक का हाईलाइट बन गया। यह ब्रोच सिर्फ सजावटी पीस नहीं, बल्कि उनके फैशन स्टेटमेंट का सबसे दमदार हिस्सा नजर आया।

कितनी है इस लग्ज़री ब्रोच की कीमत?
थोड़ी पड़ताल करने पर सामने आया कि यह ब्रोच टिफनी एंड कंपनी के प्रतिष्ठित जीन श्लमबर्गर कलेक्शन का हिस्सा है। सोथबी की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इसकी कीमत लगभग 47,000 अमेरिकी डॉलर, यानी भारतीय मुद्रा में करीब 42.4 लाख रुपये बताई जाती है। कीमत भले ही चौंकाने वाली हो, लेकिन इसकी कारीगरी और डिज़ाइन इसे खास बनाते हैं।
ब्रोच की खास डिटेलिंग
यह ब्रोच 18 कैरेट गोल्ड से तैयार किया गया है, जिसमें पीले सोने और प्लैटिनम का शानदार मेल देखने को मिलता है। चिड़िया के आकार में बने इस ज्वेल पीस में रूबी, हीरे और सिट्रीन जैसे कीमती रत्न जड़े हैं। इसमें कुल 71 गोल हीरे लगाए गए हैं, आंख के लिए एक गोल रूबी का इस्तेमाल हुआ है और बीच में कुशन शेप का सिट्रीन सजा है। बताया जाता है कि जहां सिट्रीन का वजन करीब 55 कैरेट है, वहीं पूरे ब्रोच का वजन लगभग 40.3 ग्राम है। यह पीस लक्ज़री और आर्ट का बेहतरीन उदाहरण है।
