शेफाली जरीवाला की मौत के 6 दिन बाद पति का पहला पोस्ट: अंत तक तुमसे प्यार करूंगा...''परी'' की याद में टूटे पराग त्यागी
Friday, Jul 04, 2025-10:53 AM (IST)

मुंबई: 'कांटा लगा' स्टार शेफाली जरीवाला को गुजरे हुए करीब एक हफ्ते होने वाले हैं। शेफाली जरीवाला ने देर रात 27 जून 2025 को दुनिया को अलविदा कह दिया। 42 की उम्र में शेफाली ने अंतिम सांस ली। पत्नी शेफाली के चले जाने से पराग त्यागी बुरी तरह टूट गए हैं। शेफाली को अंतिम विदाई देते हुए पराग का पत्नी के पार्थिव शरीर को आखिरी बार चूमना और उसकी अस्थियों को सीने से लगाकर रोना बिन कहे कपल के प्यार को बयां कर गया था। वहीं अब पराग त्यागी ने बीवी की मौत के बाद पहला इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि वो 'सबकी मां' थी। इसके अलावा उन्होंने फैंस से अफवाहों से दूर रहने की भी गुजारिश की है।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- 'शेफाली, मेरी परी - हमेशा के लिए कांटा लगा जो आंखों से दिखता है, उससे कहीं ज्यादा थी। वो ग्रेस में लिपटी आग थी- शार्प, फोकस, और प्रेरित। एक महिला जो इरादे के साथ जीती थी, अपने करियर, अपने दिमाग, अपने शरीर और अपनी आत्मा को शांत शक्ति और अटूट दृढ़ संकल्प के साथ पोषित करती थी।'
टूटे दिल से पराग ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- 'लेकिन अपनी सभी टाइटल्स और अचीवमेंट्स से परे, शेफाली प्यार का सबसे निस्वार्थ रूप थी। वो सबकी मां थी। हमेशा दूसरों को प्राथमिकता देती थी। अपनी मौजूदगी से ही गर्मजोशी और कंफर्ट देती थी। एक उदार बेटी। एक समर्पित और स्नेही पत्नी और सिंबा की शानदार मां। एक प्रोटेक्टिव और मार्गदर्शक बहन और मासी। एक बेहद वफादार दोस्त, जो अपनों के साथ साहस और करुणा के साथ खड़ी रहती थी।'
उन्होंने लिखा- 'दुख की इस घड़ी में, शोर और अटकलों से बह जाना आसान है लेकिन शेफाली को उसकी रोशनी से याद किया जाना चाहिए। जिस तरह से उसने लोगों को महसूस कराया, उसने जो खुशी जगाई, उसने जिंदगियों को ऊपर उठाया। मैं इस थ्रेड की शुरुआत एक साधारण प्रार्थना से कर रहा हूं। ये जगह सिर्फ प्यार से भरी रहे। ऐसी यादों से जो मरहम बनें। ऐसी कहानियों से जो उसकी आत्मा को जिंदा रखें। उसे उसकी विरासत बनने दो - एक ऐसी आत्मा जो इतनी उज्ज्वल है, उसे कभी नहीं भुलाया जाएगा। अनंत काल तक तुमसे प्यार करता हूं।'
बता दें शेफाली जरीवाला का 27 जून को निधन हो गया था। वहीं मुंबई पुलिस उनकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। उनके अपार्टमेंट से एंटी-एजिंग दवाइयां, स्किन ग्लो टैबलेट और विटामिन सप्लीमेंट मिले थे और इसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी थी।