भारत-पाक तनाव के बीच एशिया कप 2025 पर विंदु दारा सिंह का बयान-उन लोगों को शर्म आनी चाहिए जो आतंकवाद..

Monday, Jul 28, 2025-11:59 AM (IST)

मुंबई. भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर ने दोनों देशों के बीच रिश्तों को और अधिक संवेदनशील बना दिया। ऐसे समय में एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित क्रिकेट मुकाबले को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। देश के कई नागरिकों और सोशल मीडिया यूज़र्स का मानना है कि आतंक के माहौल में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना देश की भावना के खिलाफ है। वहीं इस मुद्दे पर एक्टर विंदु दारा सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

 

विंदु दारा सिंह ने पाकिस्तान को सुनाई खरी-खोटी
मीडिया से बातचीत में विंदु दारा सिंह ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधते हुए कहा: “जो कुछ भी हो रहा है, हम सभी जानते हैं। लेकिन खेल अपनी जगह है। पाकिस्तान को समझना चाहिए कि भारत के साथ दुश्मनी करके वे खुद का ही नुकसान कर रहे हैं। भारत हमेशा शांति चाहता है, लेकिन अब पहल उन्हें करनी होगी। वे ही इस पूरे संकट की जड़ हैं। भारत ने कभी किसी देश पर पहले हमला नहीं किया। पाकिस्तान में उन लोगों को शर्म आनी चाहिए जो आतंकवाद को समर्थन देते हैं।”

उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

 

 

क्या है पूरा विवाद?
जैसे ही एशिया कप 2025 का शेड्यूल जारी हुआ और भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले की घोषणा हुई, वैसे ही इस पर बवाल मच गया। कई लोग BCCI पर नाराज़गी जाहिर कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि ऐसे हालात में यह मैच स्थगित कर दिया जाए।

सोशल मीडिया पर #CancelIndVsPak जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब सीमा पर हमारे सैनिकों की शहादत हो रही है, तब पड़ोसी देश के साथ क्रिकेट खेलना सही नहीं है। 

विंदु दारा सिंह की अगली फिल्म
इन सबके बीच विंदु दारा सिंह अपनी आगामी फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ को लेकर भी चर्चा में हैं। वह इस फिल्म में एक बार फिर टिटो सिंह संधू के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म 1 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।  


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News