इस मशहूर सिंगर का ब्रेन स्ट्रोक के कारण निधन, कार्यक्रम के दौरान बिगड़ी थी तबीयत

Monday, Feb 16, 2026-03:47 PM (IST)

मुंबई. मनोरंजन जगत से हाल ही में एक बुरी खबर सामने आई है। ओडिया संगीत की फेमस सिंगर गीता पटनायक अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उनका कटक के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। सिंगर के निधन की पुष्टि उनके परिवार ने मीडिया के साथ बातचीत में की है। यह दुखद समाचार सामने आते ही उनके फैंस व करीबियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।

 

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, परिवार के एक सदस्य ने बताया कि गीता को पिछले सप्ताह ब्रेन स्ट्रोक के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान रविवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया और 73 साल की उम्र में वह इस दुनिया को अलविदा कह गईं।
 

 

इससे पहले गीता पटनायक की गुरुवार को एक कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें कटक के कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में जांचों से पता चला कि उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। इसके बाद गायिका को कटक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके बहनोई प्रदोश पटनायक ने बताया कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने रविवार को उन्हें मृत घोषित कर दिया। 


उन्होंने आगे बताया कि सिंगर के पार्थिव शरीर को आज कटक स्थित उनके आवास पर ले जाया गया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
 

 

करियर
बता दें, गीता पटनायक ने अपने पांच दशकों से अधिक के करियर में कई कलाकारों और संगीतकारों के साथ काम किया, लेकिन उन्हें दिग्गज ओडिया गायक अक्षय मोहंती के साथ गाए गए गीतों के लिए सबसे अधिक जाना जाता है। उन्होंने फिल्म ‘जजाबर’ के गीत ‘फुर किना उडिगला बनी’ से घर-घर में पहचान बनाई। उनके और लोकप्रिय गीतों में ‘दानेई दास कहेर भाई’ और ‘बड़ा बेदरदी मो नाली पान राजा’ भी शामिल हैं।
 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News