दिशा पाटनी संग डेटिंग की खबरों पर सिंगर तलविंदर ने तोड़ी चुप्पी, कहा- ''मैं अभी प्यार में पड़ रहा हूं''

Thursday, Feb 05, 2026-12:38 PM (IST)

मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी इन दिनों अपने काम से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। कुछ दिनों से उनका नाम पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर तलविंदर के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों को कई मौकों पर एक साथ देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके डेटिंग की अटकलें तेज हो गईं। वहीं, अब इन खबरों पर तलविंदर ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है।

डेटिंग अफवाहों पर तलविंदर का बयान

हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान तलविंदर ने दिशा पाटनी के साथ अपने रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ी। सिंगर ने बताया कि उनकी और दिशा की मुलाकात हाल ही में हुई है। उनकी जान-पहचान नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन की शादी से ठीक पहले शुरू हुई थी। ये एक सामान्य दोस्ती के रूप में शुरू हुई थी। 

डेटिंग की खबरों पर सिंगर ने कहा कि हम अभी भी एक-दूसरे को समझने की कोशिश कर रहे हैं। मैं बस इतना ही कहना चाहूंगा क्योंकि अगर लोग अफवाहें फैलाने की कोशिश करेंगे, तो मैं उन्हें अफवाहें ही रहने दूंगा।

PunjabKesari

 

प्यार को लेकर क्या बोले तलविंदर

जब तलविंदर से प्यार और फीलिंग्स को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने दिलचस्प जवाब दिया। सिंगर ने कहा, “मैं हर दिन प्यार में पड़ जाता हूं। मैं अभी प्यार में पड़ रहा हूं।”
हालांकि उन्होंने इस दौरान दिशा पाटनी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन बयान के समय और संदर्भ ने दोनों के बीच रिश्ते की अटकलों को और हवा दे दी है। वहीं, दिशा पाटनी की तरफ से अब तक इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

नूपुर सेनन की शादी में साथ दिखे थे दोनों

दिशा पाटनी और तलविंदर को हाल ही में नूपुर सेनन की शादी और मुंबई में हुए रिसेप्शन के दौरान एक साथ देखा गया था। दोनों की नजदीकियों को देखकर ही अफेयर की चर्चाएं शुरू हुईं। इस दौरान तलविंदर कैमरों से बचते नजर आए और कई बार अपना चेहरा छिपाते दिखे। रिसेप्शन में दिशा की करीबी दोस्त मौनी रॉय को भी तलविंदर को कैमरे से बचाते हुए देखा गया, जिसने चर्चाओं को और तेज कर दिया।

मास्क में नजर आने वाले सिंगर

तलविंदर का पूरा नाम तलविंदर सिंह सिद्धू है। वह अपनी पहचान को लेकर काफी प्राइवेट रहते हैं। पब्लिक अपीयरेंस और लाइव परफॉर्मेंस के दौरान वह अक्सर मास्क पहनकर नजर आते हैं। यहां तक कि बिना मास्क होने पर भी वह कैमरे से दूरी बनाए रखते हैं। हालांकि हाल ही में उनकी कुछ तस्वीरें बिना मास्क के भी सामने आई थीं, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी।

फिलहाल तलविंदर और दिशा पाटनी के रिश्ते को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। दोनों की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन तलविंदर के हालिया बयान ने यह जरूर साफ कर दिया है कि दोनों एक-दूसरे को समझने के दौर से गुजर रहे हैं।


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News