‘धुरंधर’ की सफलता के बीच मुश्किल में फंसे रणवीर सिंह, इस मामले में दर्ज हुई FIR

Thursday, Jan 29, 2026-11:13 AM (IST)

मुंबई. बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह बीते कुछ महीनों से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। जहां एक ओर उनकी फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड तोड़े हैं, वहीं दूसरी ओर एक पुराने विवाद को लेकर मुश्किलों में घिर गए हैं। अब इस मामले में बेंगलुरु पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

रणवीर सिंह पर दर्ज हुई एफआईआर

बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में रणवीर सिंह के खिलाफ यह मामला एक निजी शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। एडवोकेट प्रशांत द्वारा दायर की गई शिकायत पर कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रणवीर सिंह ने एक सार्वजनिक मंच पर धार्मिक परंपराओं और आस्थाओं का अपमान किया, जिससे भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंची।

IFFI इवेंट से जुड़ा है पूरा मामला

यह मामला 28 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि इस कार्यक्रम के दौरान रणवीर सिंह ने मंच पर फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ से जुड़े एक सीन की नकल की। यह सब उस वक्त हुआ, जब फिल्म के एक्टर ऋषभ शेट्टी भी मंच पर मौजूद थे।

एफआईआर के अनुसार, रणवीर सिंह ने पारंपरिक दैवा परंपरा से जुड़े भावों की नकल इस तरह से की, जिसे अपमानजनक और मजाक उड़ाने वाला बताया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे तटीय कर्नाटक की पवित्र धार्मिक परंपराओं का अपमान हुआ।

शिकायतकर्ता के गंभीर आरोप

शिकायत में कहा गया है कि रणवीर सिंह ने पंजुरली/गुलिगा दैवा के दिव्य भावों की कथित तौर पर भद्दे और मजाकिया तरीके से नकल की। इसके साथ ही उन पर यह भी आरोप लगाया गया कि उन्होंने चावुंडी दैवा को “महिला भूत” कहकर संबोधित किया, जिसे शिकायतकर्ता ने बेहद आपत्तिजनक बताया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, चावुंडी दैवा कोई भूत नहीं बल्कि एक शक्तिशाली और उग्र संरक्षक आत्मा हैं, जिन्हें न्याय, सुरक्षा और दिव्य स्त्री ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। तटीय कर्नाटक क्षेत्र में इस दैवा का गहरा धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है।

वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। शिकायत में दावा किया गया है कि वीडियो सामने आने के बाद न सिर्फ शिकायतकर्ता, बल्कि कई अन्य भक्तों को भी गहरी मानसिक पीड़ा, गुस्सा और नाराजगी का सामना करना पड़ा। इसे हिंदू धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं का गंभीर अपमान बताया गया है।

रणवीर सिंह ने मांगी थी माफी

विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर माफी मांगी थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनका किसी भी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और अगर किसी को दुख पहुंचा है तो उन्हें खेद है।
 

फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है। एक ओर रणवीर सिंह की फिल्मी सफलता चर्चा में है, तो दूसरी ओर यह विवाद उनके लिए एक बड़ी कानूनी चुनौती बनता नजर आ रहा है।


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News