Women World Cup में विश्व विजेता बनीं देश की बेटियां, खुशी से झूमे सितारे, अनुष्का से लेकर कंगना तक ने दी बधाई
Monday, Nov 03, 2025-11:45 AM (IST)
मुंबई. देश भर में इस वक्त जश्न का माहौल है। महिला विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है। रविवार को जैसे ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 52 रनों के बड़े अंतर से साउथ अफ्रीका को मात देकर वर्ल्ड कप अपने नाम किया, तो पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। देशवासी अपने-अपने अंदाज में महिला विश्व कप 2025 की जीत का जश्न मनाते नजर आए। वहीं, बॉलीवुड सेलेब्स ने भी सोशल मीडिया पर विश्व विजेता बनने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी है।

एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम की स्टोरी में जीत का जश्न मनाते हुए लिखा- 'आप चैंपियन हैं, ये सच में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।'

कंगना रनौत ने भी महिला क्रिकेट टीम की जीत पर लिखा- 'हम हैं विश्व चैंपियन! भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे विश्व कप 2025 जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! हमारी बेटियों ने दिखा दिया कि दृढ़ निश्चय और टीम स्पिरिट से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। जय हिन्द !!'

करीना कपूर ने महिला टीम की जीत का वीडियो शेयर करते हुए लिखा- 'अभी भी रो रही हूं, खुशी के आंसू हैं।'

अमिताभ बच्चन ने ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए पोस्ट शेयर किया और लिखा- 'जीत गए!!! इंडिया वुमन क्रिकेट... वर्ल्ड चैंपियन। आपने हम सभी को गर्व का पल दिया है। बहुत, बहुत बधाई।'
सनी देओल ने ट्वीट करते हुए लिखा- ''हिंदुस्तान जिंदाबाद, आज मेरे देश की बेटियों ने इतिहास रच दिया है। पहली बार विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप की विजेता बन गई हैं, क्या कमाल कर दिया है। इस अजेय नारी शक्ति पर गर्व है, आपने तिरंगे को और अधिक ऊंचा कर दिया है। ये जीत हर भारतवासी की है।''
इसके अलावा शाहिद कपूर, कार्तिक आर्यन, शिल्पा शेट्टी, प्रियंका चोपड़ा, आयुष्मान खुराना और सुनील शेट्टी जैसे सितारों ने भी महिला टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर अपनी खुशी जाहिर की।
