नील भट्ट और ऐश्वर्या शर्मा के रिश्ते में दरार? ''मिस्ट्री गर्ल'' संग एक्टर की तस्वीरों ने बढ़ाई हलचल
Friday, Oct 10, 2025-10:59 AM (IST)

बॉलीवुड तड़का: टेलीविजन के चर्चित कपल नील भट्ट और ऐश्वर्या शर्मा के रिश्ते में अनबन की खबरें एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जहां कुछ समय पहले तक यह जोड़ी सोशल मीडिया पर साथ दिखाई देती थी, अब दोनों की दूरी साफ नजर आने लगी है। ताज़ा मामला तब गरमाया जब नील भट्ट को मुंबई की सड़कों पर एक अनजान लड़की के साथ स्पॉट किया गया। कैमरों की चकाचौंध में मुस्कुराते नील के चेहरे पर कोई संकोच नहीं था, लेकिन इस 'मिस्ट्री गर्ल' की मौजूदगी ने फैंस को चौंका दिया है।
मीडिया में उठा सवाल: कौन है ये लड़की?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि नील एक युवती के साथ आराम से चलते नजर आ रहे हैं। जैसे ही कैमरे उनकी ओर मुड़े, नील ने हल्की मुस्कान के साथ प्रतिक्रिया दी जबकि उनकी साथी लड़की तेज़ी से आगे बढ़ गईं। इस दृश्य ने दर्शकों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां कुछ यूज़र्स इस लड़की को नील की नई साथी मान बैठे हैं, वहीं कुछ ने दावा किया है कि वह ऐश्वर्या और नील दोनों की कॉमन फ्रेंड हैं। एक यूज़र ने लिखा, "सहेली से ही धोखा? ये तो हद है!" जबकि दूसरे ने समर्थन करते हुए कहा, "ये सिर्फ एक दोस्त है, लोग बेवजह बात बना रहे हैं।"
ऐश्वर्या शर्मा ने अकेले मनाई गणेश चतुर्थी
इसी बीच ऐश्वर्या शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर गणेश चतुर्थी की पूजा की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वह अकेले नजर आईं। उन्होंने अपने घर गणपति बप्पा की स्थापना की लेकिन नील कहीं दिखाई नहीं दिए। उन्होंने यह ज़रूर बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ उत्सव मना रही हैं, लेकिन पति की गैरमौजूदगी ने फैंस का ध्यान खींचा। इस पोस्ट के बाद कयासों का बाज़ार और गर्म हो गया। यूज़र्स ने पूछा कि नील इस खास अवसर पर क्यों नहीं दिखे। कुछ ने यह भी माना कि शायद दोनों अब साथ नहीं रह रहे हैं।
क्या सच में हो रहा है ब्रेकअप?
हालांकि ऐश्वर्या शर्मा ने इन अफवाहों को पहले खारिज कर दिया था और रिश्ते में सब कुछ ठीक होने का दावा किया था, लेकिन नील भट्ट ने अब तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उनकी चुप्पी और हालिया वायरल वीडियो अब नई अटकलों को जन्म दे रहे हैं। गौरतलब है कि नील और ऐश्वर्या की मुलाकात टीवी सीरियल ‘गुम है किसी के प्यार में’ के सेट पर हुई थी। सेट पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और फिर 2021 में दोनों ने मध्य प्रदेश के उज्जैन में पारंपरिक रीतियों से शादी कर ली। यह जोड़ी रियलिटी शोज़ जैसे ‘स्मार्ट जोड़ी’ और ‘बिग बॉस 17’ में भी साथ नजर आई, जहां उनके बीच झगड़ों की भी झलक देखने को मिली थी।
फिलहाल सस्पेंस बरकरार
फैंस के लिए यह जानना अब भी एक पहेली बना हुआ है कि क्या वाकई नील और ऐश्वर्या अलग हो चुके हैं या फिर यह सब अफवाहें मात्र हैं। दोनों में से किसी ने भी रिश्ते को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। ऐसे में हर छोटी गतिविधि—चाहे वो इंस्टाग्राम पोस्ट हो या किसी के साथ देखा जाना—बड़ी खबर बनती जा रही है। अब देखना ये है कि क्या यह टीवी का प्यारा कपल इस मुश्किल दौर से निकल पाएगा या फिर यह रिश्ता वाकई अपने अंतिम मोड़ पर है।