‘क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं..तिहाड़ जेल जाने से पहले छलका राजपाल यादव का दर्द, चेक बाउंस मामले में किया था सरेंडर
Tuesday, Feb 10, 2026-11:58 AM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव इन दिनों कानूनी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। दरअसल, कुछ दिनों पहले एक्टर ने चेक बाउंस मामले में खुद को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। सरेंडर करने से पहले राजपाल यादव काफी भावुक हो गए और अधिकारियों के सामने उन्होंने अपनी परेशानियों का जिक्र किया।
एक्टर राजपाल यादव ने 2010 में अपनी निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता' के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, जिससे आर्थिक तंगी आ गया और कर्ज चुकाने में दिक्कत हुई। इसके चलते दिए गए कई चेक बाउंस हो गए. इसके बाद कंपनी ने कानूनी कार्रवाई की।

2018 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को धारा 138 के तहत दोषी ठहराया और छह महीने की सजा सुनाई। राजपाल यादव ने फैसले के खिलाफ अपील की और कई बार राहत मांगी। इस दौरान उन्होंने कुछ राशि चुकाई भी। 2025 में 75 लाख रुपये जमा किए, लेकिन बाकी रकम (करीब 9 करोड़ तक पहुंच गई) समय पर नहीं चुकाई जा सकी।

दिल्ली हाई कोर्ट ने 2 फरवरी 2026 को एक्टर को सरेंडर का आदेश दिया। एक्टर ने एक हफ्ते की मोहलत मांगी, लेकिन 4 फरवरी को जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने इसे खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि बार-बार वादे तोड़ने और गंभीरता की कमी दिखाने पर अब कोई नरमी नहीं बरती जा सकती। पॉपुलैरिटी के आधार पर कानून में कोई छूट नहीं मिल सकती।
इसके बाद जब राजपाल यादव ने 5 फरवरी 2026 को खुद को तिहाड़ जेल के सुपरिंटेंडेंट के सामने सरेंडर कर दिया और अब उन्हें छह महीने की सजा काटनी होगी। ऐसे में इस दौरान एक्टर भावुक हो गए और अपनी स्थिति बयां कर बोले- “सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। कोई और रास्ता नहीं दिख रहा… यहां सब अकेले हैं, कोई दोस्त नहीं होता। इस मुश्किल से मुझे खुद ही गुजरना होगा।”
