ईश्वर का बहुत-बहुत धन्यवाद..राजपाल यादव को जमानत मिलने पर बड़े भाई ने ली राहत की सांस, कहा- उनका बिना सब बेकार रहता
Monday, Feb 16, 2026-05:02 PM (IST)
मुंबई. चेक बाउंस मामले में एक्टर राजपाल यादव को हाल ही में बड़ी राहत मिल गई है। करीब 10 दिन जेल में गुजारने के बाद आज एक्टर जेल से बाहर आ गए हैं। कुछ शर्तों पर दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव को अंतरिम जमानत दे दी है। एक्टर को जमानत मिलने पर उनके फैंस, परिवार और करीबियों ने भी राहत की सांस ली है। इसी बीच राजपाल के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने भी उनके बाहर आने पर अपनी खुशी जाहिर की है।

दरअसल, श्रीपाल यादव की बेटी यानि राजपाल की भतीजी की शादी 19 फरवरी को है, ऐसे में उनका परिवार चाहता था कि इससे पहले ही एक्टर को जमानत मिल जाए। ऐसे में अब श्रीपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा- 'अब देखिए, उनका आना... उनका अगर वो ना आ पाते तो शादी का मतलब ही क्या था? घर का मुख्य आकर्षण वो हैं। हां, और शादी में जो जितना सब होता है, भीड़भाड़ सब कोई, तो मेन चीज तो उन्हीं के मारे होती है। और सब कुछ बहुत अच्छे से तैयारियां तो चलो कर ही रहे थे, तैयारियां पहले हो चुकी थीं, लेकिन ये तो अचानक बन गया ना कि... ये थोड़े सोच रहे थे कि जाना पड़ेगा। अब जाना पड़ गया, वो आ रहे हैं। मतलब ईश्वर का बहुत-बहुत धन्यवाद, आप सबका सहयोग रहा और अब पूरे परिवार में बहुत सारी खुशियां हैं। बाकी केस-ओस के बारे में जो भी है, वो आपको सब वही कुछ बताएंगे।'
आगे उन्होंने कहा, 'बहुत बड़ी... बहुत बड़ी राहत की सांस है। इससे बड़ी राहत की सांस हो नहीं सकती क्योंकि अगर कुछ भी होता लेकिन अगर वो नहीं होते तो मज़ा कतई... सब बेकार रहता।'
बता दें, राजपाल यादव ने जेल से बाहर आने के लिए कोर्ट की शर्त के मुताबिक पहले 1.5 करोड़ रुपए की राशि जमा कराई है। इसके साथ ही 18 मार्च को अगली सुनवाई तय की गई है।
