सुशांत सिंह राजपूत की 5वीं डेथ एनिवर्सरी पर भावुक हुईं बहन श्वेता, बोलीं-उनकी मौत के बाद से बहुत कुछ हुआ
Saturday, Jun 14, 2025-10:24 AM (IST)

मुंबई: 14 जून वो तारीक है जिस दिन बाॅलीवुड का चमकता सितारा हमेशा के लिए बुझ गया। इस दिन एक्टर सुशांत सिंह राजपूत अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। आज 14 जून 2025 को सुशांत सिंह राजपूत की पांचवीं डेथ एनिवर्सरी है। उन्हें इस दुनिया से गए पांच साल बीत चुके हैं, और परिवार आज भी सच जानने का इंतजार कर रहा है। बहन श्वेता सिंह कीर्ति भी सुशांत को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने भाई की पांचवी डेथ एनिवर्सरी पर एक भावुक वीडियो शेयर किया और फैंस से गुजारिश की वो सुशांत को दयालु, विनम्रता और पॉजिटिविटी के लिए याद करें। श्वेता ने कहा कि सुशांत की आत्मा अच्छे कामों और प्यार के जरिए जिंदा है।
श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर कर लिखा- 'आज भाई की 5वीं पुण्यतिथि (डेथ एनिवर्सरी) है। 14 जून 2020 को उनकी मौत के बाद से बहुत कुछ हुआ है। अब CBI ने कोर्ट को एक रिपोर्ट सौंप दी है और हम इसे रिट्राइव (वापस पाने) करने की प्रक्रिया में हैं। लेकिन मैं आज जो कहना चाहती हूं, वो ये है कि चाहे कुछ भी हो जाए, हिम्मत मत हारो और भगवान या अच्छाई पर भरोसा मत खोओ।'
श्वेता ने आगे लिखा- 'हमेशा याद रखो कि हमारा सुशांत किस बात के लिए खड़ा था। वह पवित्रता, जिंदगी जीने और सीखने के लिए अदम्य उत्साह, प्यार से भरा दिल जो सभी के साथ समान व्यवहार करने और दान में विश्वास करने वाला था।'
'भाई कहीं नहीं गया है, मेरा विश्वास करो। वो आपमें है, मुझमे है और हम सब में है। भाई के नाम का इस्तेमाल कभी भी किसी नेगेटिव फीलिंग को फैलाने के लिए मत करना। उन्हें यह पसंद नहीं आएगा। वह इसके लिए खड़े नहीं हुए। देखिए उन्होंने कितने लोगों के दिल और दिमाग को छुआ और प्रभावित किया। उनकी विरासत को जारी रहने दें... आप एक जलती हुई मोमबत्ती बनें जो उनकी विरासत को जारी रखने के लिए अन्य मोमबत्तियों को जलाए। किसी भी महान व्यक्ति की विरासत हमेशा उसके जाने के बाद बढ़ती है। आप जानते हैं ऐसा क्यों है? क्योंकि उनके व्यक्तित्व का आकर्षण बीज बोता है और आने वाली पीढ़ियों के दिमाग को प्रभावित करता है।'
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। उनकी मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हुईं। सुसाइड से लेकर ड्रग्स और मर्डर की कई थ्योरीज सामने आईं। CBI ने सुशांत के केस में 6 अगस्त 2020 को FIR दर्ज की थी, और करीब साढ़े चार साल बाद क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी और कहा कि उन्हें सुसाइड के लिए उकसाने का कोई सबूत नहीं मिला।