थलपति विजय की पत्नी ने मांगा तलाक तो बाप-बेटे के रिश्ते में आई खट्टास! जेसन के इस कदम ने बढ़ाईं अटकलें
Sunday, Mar 01, 2026-04:53 PM (IST)
मुंबई. तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और नेता विजय थलपति इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। खबरें हैं कि उनकी पत्नी संगीता सोर्नालिंगम ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। वहीं, तलाक की खबरों के बीच एक और बात ने लोगों का ध्यान खींचा। विजय के बेटे और उभरते फिल्ममेकर जेसन संजय ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर अपने पिता को अनफॉलो कर दिया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है।

बेटे ने किया अनफॉलो?
बताया जा रहा है कि जेसन इंस्टाग्राम पर सीमित लोगों को फॉलो करते हैं, जिनमें अनुराग कश्यप और फरहान अख्तर जैसे फिल्मी जगत के नाम शामिल हैं, लेकिन उनके पिता का अकाउंट लिस्ट में नजर नहीं आया।

इस कदम के बाद नेटिज़न्स के बीच कई तरह की अटकलें शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसे पारिवारिक तनाव का संकेत माना, तो कुछ ने इसे जेसन द्वारा अपनी मां के समर्थन के रूप में देखा। वहीं, कई यूजर्स का कहना है कि संभव है जेसन ने कभी अपने पिता को फॉलो ही न किया हो। दिलचस्प बात यह है कि विजय स्वयं इंस्टाग्राम पर किसी को फॉलो नहीं करते।

अदालत में क्या कहा गया?
रिपोर्ट्स के अनुसार, तलाक की अर्जी चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर की गई है। इसमें कथित तौर पर विजय पर एक एक्ट्रेस के साथ विवाहेतर संबंध होने का आरोप लगाया गया है। अदालत ने विजय को नोटिस जारी कर निर्धारित तिथि पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
अर्जी में यह भी दावा किया गया है कि वर्ष 2021 में इस कथित रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद संगीता को गहरा भावनात्मक आघात पहुंचा। दस्तावेज़ों में “मानसिक क्रूरता”, “भावनात्मक उपेक्षा” और “सार्वजनिक अपमान” जैसे आरोपों का उल्लेख किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, अभी तक विजय या संगीता की ओर से इन दावों की आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं किया गया है। इस वजह से स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
25 साल पुरानी शादी
विजय और संगीता ने अगस्त 1999 में शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं—जेसन संजय और दिव्या शाशा। जेसन फिल्म निर्माण से जुड़े हैं और कुछ प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं। वहीं दिव्या भी अपने पिता की एक फिल्म में बाल कलाकार के रूप में नजर आ चुकी हैं।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर दोनों पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। जब तक स्पष्ट बयान सामने नहीं आता, तब तक सोशल मीडिया पर जारी अटकलों और चर्चाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।
