सुनीता विलियम्स की वापसी पर खुशी से झुम उठी फिल्म इंडस्ट्री, जानिए किसने क्या कहा?
Wednesday, Mar 19, 2025-06:47 PM (IST)

बाॅलीवुड तड़का : अंतरिक्ष में 9 महीने बिताने के बाद भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर सफलतापूर्वक धरती पर लौट आए हैं। उनकी वापसी से पूरी दुनिया में खुशी की लहर दौड़ गई। इस ऐतिहासिक वापसी पर बॉलीवुड सितारों और सेलिब्रिटीज ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
सेलेब्स ने कुछ इस तरह किया स्वागत
आर माधवन
अभिनेता आर माधवन ने सुनीता विलियम्स का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'धरती पर आपका स्वागत है, डियर सुनीता विलियम्स! आपकी सुरक्षित वापसी देखकर दिल को सुकून मिला। करीब 260 दिन अंतरिक्ष में बिताने के बाद सकुशल लौटना भगवान की कृपा और करोड़ों लोगों की प्रार्थनाओं का नतीजा है। पूरी टीम को ढेरों बधाइयां।'
चिरंजीवी
दक्षिण भारतीय सुपरस्टार चिरंजीवी ने उनकी वापसी को 'ब्लॉकबस्टर' करार दिया। उन्होंने लिखा, 'पृथ्वी पर स्वागत है, सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर! आप 8 दिन के लिए गए थे, लेकिन 286 दिन अंतरिक्ष में रहकर पृथ्वी के 4577 चक्कर लगाकर लौटे। यह एक ऐतिहासिक और साहसिक वापसी है! आपकी कहानी किसी सुपरहिट फिल्म से कम नहीं।'
मनोज मुंतशिर
प्रसिद्ध गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने भावनात्मक अंदाज में लिखा, 'ये जमीं याद आई तो हम, आसमां से भी लौट आए।' स्वागत है सुनीता विलियम्स।'
करिश्मा कपूर और कृति खरबंदा
करिश्मा कपूर और कृति खरबंदा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सुनीता की वापसी के वीडियो शेयर किए और उन्हें बधाई दी।
जैकी श्रॉफ
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने लिखा, 'अंतरिक्ष में 9 महीने बिताना आसान नहीं होता। वहां हर पल नई चुनौतियां होती हैं। लेकिन सुनीता ने अपने धैर्य और इच्छाशक्ति से इस मिशन को पूरा किया।'
मानुषी छिल्लर
मिस वर्ल्ड और अभिनेत्री मानुषी छिल्लर ने लिखा, 'ऐसे ऐतिहासिक पल ही मानवता को परिभाषित करते हैं। हमें आपकी उपलब्धियों पर गर्व है, सुनीता।'
सोनू सूद
अभिनेता सोनू सूद ने लिखा, 'वेलकम बैक, हमारी हीरो सुनीता विलियम्स।'
Welcome back our hero 💙 #SunitaWillams pic.twitter.com/wXBNZbD4Xm
— sonu sood (@SonuSood) March 19, 2025
रकुल प्रीत सिंह
रकुल प्रीत सिंह ने लिखा, 'आपकी अंतरिक्ष यात्रा, आपका साहस और समर्पण प्रेरणादायक है। हमें आपकी हर उपलब्धि पर गर्व है।'
कैसे हुई थी वापसी?
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को धरती पर लेकर आए स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल ने फ्लोरिडा के समुद्री तट पर भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे सफलतापूर्वक लैंडिंग की। उनकी वापसी के साथ, अंतरिक्ष विज्ञान में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। सुनीता विलियम्स ने अपने जीवन और करियर से पूरी दुनिया को प्रेरित किया है। उनके इस मिशन से भारत और दुनिया भर में विज्ञान और अंतरिक्ष में रुचि रखने वाले युवाओं को नई दिशा मिलेगी।