फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर निर्देशक का निधन, लंबे समय से कैंसर से थे पीड़ित
Tuesday, Apr 29, 2025-07:37 AM (IST)

मुंबई. मनोरंजन जगत से हाल ही में एक बुरी खबर सामने आई है। साउथ सिनेमा के दिग्गज निर्देशक शाजी एन करुण अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका 73 साल की उम्र में निधन हो गया। रविवार को तिरुवनंतपुरम में एक्टर ने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। शाजी के निधन की खबर से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर सेलेब्स और फैंस उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शाजी एन करुण लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। इलाज के बाद भी जब तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें उनके घर वापस लाया गया, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली।
शाजी निधन के बाद अब उनका अंतिम संस्कार थाइकौड के संतिकावदोम में किया जाएगा। अपने पीछे वो पत्नी अनसूया देवकी वारियर और दो बेटे अप्पू और अनिल को छोड़ गए हैं।
शाजी एन करुण के करियर की बात करें तो उनकी पहली फिल्म ‘पिरवी’ थी, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई थी। इस फिल्म ने 1989 में कान्स फिल्म फेस्टिवल में कैमरा डी’ओर का उल्लेखनीय सम्मान भी हासिल किया था। इसके बाद ‘स्वाहम’ और ‘वानप्रस्थम’ जैसी फिल्मों ने उन्हें दुनिया भर में सराहना दिलाई।
शाजी एन करुण सिर्फ एक निर्देशक नहीं थे, बल्कि उन्होंने भारतीय सिनेमा संस्कृति को आकार देने में भी अहम भूमिका निभाई थी। इसके साथ ही वो कई सालों तक केरल अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFK) के भी कार्यकारी अध्यक्ष रहे।
शाजी को ‘पिरवी’, ‘वानप्रस्थम’ और ‘कुट्टी स्रन्क’ जैसी फिल्मों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें हाल ही में 2023 का जे सी डैनियल पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था, जो केरल सरकार का सर्वोच्च फिल्म सम्मान है।