''मैं उनके बच्चे की मां बनने वाली हूं, हमारा गंधर्व विवाह हुआ'', महिला ने एक्टर दर्शन जरीवाला पर लगाए गंभीर आरोप
Thursday, Dec 14, 2023-03:10 PM (IST)

बॉलीवुड तड़का टीम. टीवी और फिल्मों के मशहूर एक्टर दर्शन जरीवाला पर बेहद गंभीर आरोप लगा है। एक महिला ने कोलकाता पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए दावा किया कि वह दर्शन के बच्चे की मां बनने वाली हैं। महिला का कहना है कि दर्शन जरीवाला से उनका गंधर्व विवाह हुआ है। इसके साथ ही महिला ने बताया कि उसने न्याय के लिए CINTAA (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन) से भी संपर्क किया है।
मीडिया इंडस्ट्री में काम करने वाली इस महिला का कहना है कि दर्शन जरीवाला और उनके बीच प्यार भरे रिश्ते रहे हैं। दोनों में 'गंधर्व विवाह' हुआ था और अब वह प्रेग्नेंट हैं। लेकिन अब एक्टर उसे और होने वाले बच्चे को अपनाने से इनकार कर रहे हैं। महिला के मुताबिक, उसने CINTAA से मांग की है कि वो इसमें उनकी मदद करे। साथ ही एसोसिएशन में आधिकारिक पद से दर्शन जरीवाला को हटाकर उनकी सदस्यता रद्द करे।
अपने सम्मान के लिए लड़ाई लड़ना चाहती है महिला
महिला ने मीडिया को बताया कि वह अपने सम्मान के लिए यह लड़ाई लड़ना चाहती हैं। वह अच्छे से जानती हैं कि दर्शन जरीवाला एक सेलिब्रिटी हैं और इस कारण उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। महिला ने बताया कि उन्होंने पुलिस के साथ कई सबूत साझा किए हैं।
वकील ने दर्शन को बताया बेगुनाह
वहीं, दर्शन जरीवाला की वकील सवीना बेदी सच्चर का कहना है कि एक्टर बेगुनाह हैं। एक बयान जारी करते हुए वकील ने कहा कि जब तक दोष साबित नहीं होता, तब तक किसी को भी दर्शन जरीवाला के लिए कोई धारणा नहीं बनानी चाहिए। एक्टर की कानूनी टीम ने यह भी तर्क दिया कि झूठे आरोपों के आधार पर लोगों, खासकर पब्लिक फिगर को चोट पहुंचाने की कोशिश की जाती है। वह आगे इस मामले को कानूनी आधार पर लड़ने के लिए तैयार हैं।