जब एक्टिंग छोड़ ढाबे पर काम करने लगे थे संजय मिश्रा, बनाते थे ऑमलेट
Friday, Oct 06, 2017-07:01 PM (IST)

मुंबईः हाल ही में फिल्म न्यूटन और बादशाहो में नजर आए संजय मिश्रा आज जाने-माने एक्टर बन चुके हैं। वे 6 अक्टूबर 1963 को बिहार के पटना में जन्मे थे। उनके पिता सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में काम करते थे तथा दादा कलेक्टर थे। इसके बावजूद मिश्रा की यहां तक पहुंचने की यात्रा बेहद उतार-चढ़ाव भरी रही है।संजय मिश्रा भारतीय फिल्म अभिनेता है जो कि, हिंदी सिनेमा और टेलीविजन में अपने काम की वजह से जाने जाते है। अभिनेता संजय मिश्रा जो कि, बॉलीवुड फिल्मो के सफलतम अभिनेताओं में शुमार है। संजय मिश्रा ने बॉलीवुड की अनगिनत सफलतम फिल्मो में अपने दमदार अभिनय की छाप को छोड़ा है। आज भी संजय मिश्रा बॉलीवुड की फिल्मो में खासा सक्रिय है।
संजय मिश्रा ने तब एक्टिंग से अपना नाता तोड़ लिया था, जब वे अपने कॅरियर में तेजी से सफल हो रहे थे। दरअसल, संजय अपने पिता के बेहद करीब थे। उनके निधन के बाद संजय पूरी तरह टूट गए। वे खुद को अकेला महसूस करने लगे थे। इसी दौरान एक रोज सब कुछ छोड़छाड कर बिना किसी को बताए ऋषिकेश चले गए।
संजय वहां किसी को नहीं बताना चाहते थे कि वे एक्टर हैं। वे वहां एक ढाबे पर काम करने लगे। उनके हिस्से में सब्जी और आमलेट बनाने का काम आया। उस समय तक संजय छोटी-बड़ी दर्जनों फिल्म में काम कर चुके थे। ढाबे पर कभी कोई उन्हें पहचान लेता तो वे इंकार करते कि वे संजय मिश्रा नहीं हैं।
संजय पता नहीं कब तक उसी ढाबे पर काम करते, यदि रोहित शेट्टी उन्हें सही वक्त पर वहां से निकालकर न लाते। रोहित अपनी फिल्म ऑल द बेस्ट की स्क्रिप्ट लिख रहे थे और वे अपनी फिल्म में संजय को लेना चाहते थे। किसी तरह उन्होंने उनका पता किया और संजय के ठिकाने पर पहुंच गए। काफी मनाने के बाद संजय वहां से लौटे और वापस फिल्मों में सक्रिय हुए।
अभी कुछ समय पहले ही संजय मिश्रा की फिल्म 'बादशाहो' भी रिलीज हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार व्यवसाय किया था। फिल्म में सभी ने संजय मिश्रा के अभिनय की दिल खोलकर प्रशंसा की थी। बॉलीवुड में 'ढोंढू जस्ट चिल' डायलॉग से मशहूर हुए अभिनेता संजय मिश्रा आज अपना 54 वां जन्मदिन मना रहे है।
बता दें फिल्म 'आंखो देखी' के लिए उन्हें फिल्म फेयर के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (क्रिटिक) के अवॉर्ड से नवाजा गया। और आज वह वक़्त है जब वे अपने हुनर की बदौलत बॉलीवुड में एक अलग ही पहचान बना चुके है। अभी भी वह फिल्मो में खासा सक्रिय है।