दिलजीत के बाद वरुण धवन भी ‘नो एंट्री 2’ से बाहर, फिल्म पर छाया बड़ा संकट!
Sunday, Oct 12, 2025-05:17 PM (IST)

बॉलीवुड तड़का: बॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘नो एंट्री 2’ को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है। दिलजीत दोसांझ के बाद अब वरुण धवन ने भी इस फिल्म से खुद को अलग कर लिया है। फिल्म ‘नो एंट्री’ के सीक्वल को लेकर काफी समय से चर्चा चल रही थी, जिसमें अर्जुन कपूर, दिलजीत दोसांझ और वरुण धवन मुख्य भूमिका में होने वाले थे। लेकिन हाल ही में दोनों ही अभिनेताओं ने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली है।
वरुण धवन ने क्यों छोड़ी फिल्म?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वरुण धवन अपने अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं, जिसके चलते उन्हें ‘नो एंट्री 2’ की शूटिंग के लिए समय निकालना मुश्किल हो रहा है। सूत्रों का कहना है कि वरुण फिल्म के लिए काफी उत्साहित थे, लेकिन दिलजीत दोसांझ के प्रोजेक्ट छोड़ने के बाद फिल्म की स्थिति में बदलाव आया और वरुण भी अब अपनी व्यस्तताओं के चलते इस फिल्म से बाहर हो गए हैं। खासकर ‘भेड़िया 2’ जैसी बड़ी फिल्मों में उनकी व्यस्तता के कारण डेट्स मैनेज करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। मेकर्स ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन इस दिक्कत को हल करने की कोशिशें जारी हैं।
वरुण धवन का वर्कफ्रंट
वरुण धवन की हालिया फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ रिलीज हो चुकी है, जिसमें उनके साथ जाह्नवी कपूर और सान्या मल्होत्रा नजर आईं। इसके अलावा, उनकी आगामी फिल्मों में ‘बॉर्डर 2’, ‘भेड़िया 2’, और ‘है जवानी तो इश्क होना है’ शामिल हैं, जो 2026 में रिलीज होने वाली हैं।
‘नो एंट्री 2’
‘नो एंट्री 2’ साल 2005 में रिलीज़ हुई सुपरहिट फिल्म ‘नो एंट्री’ का सीक्वल है। पहली फिल्म में सलमान खान, अनिल कपूर, ईशा देओल, लारा दत्ता, फरदीन खान और बिपाशा बसु जैसे सितारे मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म 20 करोड़ के बजट में बनी थी और बॉक्स ऑफिस पर 74 करोड़ की कमाई की थी। यह फिल्म तमिल सुपरहिट ‘चार्ली चैपलिन’ (2002) की हिंदी रीमेक थी।