फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के टाइटल पर हो रहे विवाद के बीच मेकर्स ने दी सफाई, प्रचार सामग्री हटाने का किया फैसला
Friday, Feb 06, 2026-10:53 AM (IST)
मुंबई. मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिरती दिख रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों में फिल्म के टाइटल को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं एफएमसी ने भी फिल्म के अनअथराइज्ड टाइटल को लेकर मेकर्स को नोटिस भेजा है। इसी बीच अब बढ़ते विरोध को देखते हुए फिल्म निर्माता नीरज पांडे ने एक बयान जारी कर फिल्म के टाइटल पर अपनी सफाई पेश की है।

‘घूसखोर पंडित’ की घोषणा होते ही फिल्म के टाइटल में ‘पंडित’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है और उनका कहना है कि इससे ब्राह्मण समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। फिल्म के नाम को लेकर विवाद बढ़ता देख नीरज पांडे ने इंस्टाग्राम पर एक नोट जारी कर लिखा, ‘हमारी फिल्म एक काल्पनिक पुलिस ड्रामा है। इसमें 'पंडित' शब्द का प्रयोग केवल एक काल्पनिक पात्र के बोलचाल के नाम के रूप में किया गया है। कहानी एक व्यक्ति के कामों और विकल्पों पर केंद्रित है। किसी भी जाति, धर्म या समुदाय पर टिप्पणी या प्रतिनिधित्व नहीं करती है। एक फिल्म निर्माता के रूप में मैं अपने काम को गहरी जिम्मेदारी की भावना के साथ करता हूं, ऐसी कहानियां कहना जो अच्छी और सम्मानजनक हों।’
निर्माता ने आगे कहा, ‘मेरी पिछली फिल्मों की तरह, यह फिल्म भी पूरी ईमानदारी से बनाई गई है और इसका एकमात्र उद्देश्य दर्शकों का मनोरंजन करना है। हम समझते हैं कि फिल्म के शीर्षक से कुछ दर्शकों को ठेस पहुंची है और हम उनकी भावनाओं को समझते हैं। इन चिंताओं को देखते हुए हमने फिलहाल सभी प्रचार सामग्री को हटाने का फैसला किया है, क्योंकि हमारा मानना है कि फिल्म को पूरी तरह से देखा जाना चाहिए। इसे उस कहानी के संदर्भ में समझा जाना चाहिए, जिसे हम बताना चाहते हैं, न कि आंशिक झलक के आधार पर। हम जल्द ही दर्शकों के साथ फिल्म साझा करने के लिए उत्सुक हैं।’
एफएमसी ने मेकर्स को टाइटल को लेकर भेजा नोटिस
वहीं, फिल्म निर्माता संघ (एफएमसी) ने ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर मेकर्स को नोटिस जारी कर कहा कि मेकर्स ने नियमों के अनुसार शीर्षक के लिए अनिवार्य अनुमति प्राप्त नहीं की थी। फिल्म निर्माता नीरज पांडे, जो इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के सदस्य हैं, उन्होंने 'घुसखोर पाण्डत' शीर्षक के उपयोग के लिए अनुमति लेने के लिए आवेदन नहीं किया था। ऐसे में बिना अनुमति के इसका उपयोग अनुशासनात्मक कार्रवाई का कारण बन सकता है।
फिल्म में मनोज बाजपेयी बने हैं पुलिसवाले
बता दें, रितेश शाह द्वारा निर्देशित ‘घूसखोर पंडित’ में मनोज बाजपेयी ने अजय दीक्षित का किरदार निभाया है, जो एक रिश्वतखोर पुलिसवाला है। फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा नुसरत भरूचा, कीकू शारदा, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम, श्रद्धा दास और अक्षय ओबेरॉय जैसे स्टार्स भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
