मराठी गाने गाता हूं, मगर हिंदी हर जगह बोलनी होती ..भाषाई विवाद पर अनूप जलोटा का बयान
Thursday, Jul 10, 2025-04:12 PM (IST)

मुंबई. देश में इन दिनों हिंदी-मराठी भाषा विवाद खूब तूल पकड़ रहा है। अब तक कई सेलेब्स इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। इसी बीच अब दिग्गज सिंगर अनूप जलोटा ने भी इस पर अपनी राय रखी है। उनका कहना है कि हर भाषा देश के लिए जरुरी है। इसके साथ ही उन्होंने नई भाषा बोलने और सीखने को लेकर प्रोत्साहित किया है।
अनूप जलोटा ने कहा, 'हमारे देश के लिए हर भाषा बहुत जरुरी है। हमें मराठी बहुत पसंद है। मैं मराठी में भी गाना गाता हूं। हिंदी हमारे देश की मातृ भाषा है। इसीलिए हमें ये हर जगह बोलनी होती है, लेकिन अगर हम और भी भाषाएं जानते हैं तो ये हर किसी के लिए अच्छी बात है। दूसरी भाषाए सीखिए, बोलिए और अपनी मातृभाषा हिंदी बोलिए।'
बता दें, इससे पहले सिंगर उदित नारायण ने हिंदी-मराठी भाषा को लेकर हो रहे विवाद पर बात की थी। उन्होंने कहा था, 'हम महाराष्ट्र में रहते हैं। ये मेरी कर्म भूमि है। तो भाषा जरुरी है। देश की सभी भाषाएं जरुरी है।'
अनूप जलोटा की बात करें तो उन्हें भजन सम्राट के तौर पर भी जाना जाता है। उनके गाने लोगों के बीच खासे फेमस हैं। अनूप जलोटा को बिग बॉस 12 में भी देखा गया था।