AR Rahman की तबीयत को लेकर बेटे अमीन ने दिया हेल्थ अपडेट
Sunday, Mar 16, 2025-01:37 PM (IST)

बाॅलीवुड तड़का : म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान को हाल ही में चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। पहले खबरें आई थीं कि उन्हें गर्दन में दर्द और सीने में दर्द की शिकायत के कारण अस्पताल में एडमिट कराया गया है, और उनके कुछ मेडिकल टेस्ट जैसे ईसीजी और इकोकार्डियोग्राम किए जा रहे हैं। हालांकि, अब उनके बेटे अमीन ने इस मामले को स्पष्ट करते हुए उनकी सेहत के बारे में जानकारी दी है।
एआर रहमान की तबीयत के बारे में खुलासा
एआर रहमान को रविवार सुबह करीब 7:30 बजे चेन्नई के ग्रीम्स रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत को लेकर पहले सीने में दर्द या गर्दन में दर्द की खबरें सामने आई थीं, लेकिन अब उनकी प्रवक्ता ने बताया कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। प्रवक्ता के मुताबिक, एआर रहमान हाल ही में लंदन से वापस लौटे थे और रमजान के दौरान उन्हें एसिडिटी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हुई थीं। इसी वजह से उन्हें अस्पताल में चेक-अप के लिए जाना पड़ा था, और अब उनकी सेहत पूरी तरह ठीक है।
अमीन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
एआर रहमान के बेटे अमीन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने पिता के हेल्थ अपडेट के बारे में पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'हमारे सभी प्यारे फैंस, परिवार और शुभचिंतकों को धन्यवाद, जिन्होंने हमें अपना प्यार और समर्थन दिया। मेरे पिता डिहाइड्रेशन के कारण थोड़े कमजोर महसूस कर रहे थे, इसलिए हमने कुछ रेगुलर टेस्ट करवाए। लेकिन अब उनकी हालत ठीक है। आपके दयालु शब्द और आशीर्वाद हमारे लिए बहुत मायने रखते हैं।' अमीन ने एआर रहमान की मेडिकल रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिससे उनकी सेहत को लेकर और स्पष्ट जानकारी मिली।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने लिया एआर रहमान की तबीयत का जायजा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी एआर रहमान की तबीयत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया, 'जैसे ही मुझे खबर मिली कि एआर रहमान की तबीयत खराब है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, मैंने डॉक्टरों से बात की और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। डॉक्टर्स ने कहा कि वो अब ठीक हैं और जल्द ही घर वापस लौट आएंगे।'
இசைப்புயல் @arrahman அவர்கள் உடல்நலக்குறைவால் மருத்துவமனையில் அனுமதிக்கப்பட்டுள்ள செய்தியறிந்தவுடன், மருத்துவர்களைத் தொடர்புகொண்டு அவரது உடல்நலன் குறித்துக் கேட்டறிந்தேன்!
— M.K.Stalin (@mkstalin) March 16, 2025
அவர் நலமாக உள்ளதாகவும் விரைவில் வீடு திரும்புவார் என்றும் தெரிவித்தனர்! மகிழ்ச்சி!
एआर रहमान का निजी जीवन और वर्कफ्रंट
एआर रहमान का निजी जीवन भी पिछले साल एक बड़े बदलाव से गुजर चुका है। नवंबर 2024 में उन्होंने अपनी पत्नी सायरा बानो से तलाक ले लिया था। 29 साल की शादी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी शादी टूटने की जानकारी दी थी। उनके तीन बच्चे हैं - रहीमा, खतीजा और अमीन। तलाक के बाद बच्चों ने सभी से अपील की थी कि इस नाजुक समय में उनकी प्राइवेसी का सम्मान किया जाए।
वर्कफ्रंट पर, एआर रहमान की इस साल दो फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। उनकी फिल्म 'छावा' में विक्की कौशल लीड रोल में हैं और यह फिल्म पर्दे पर सफल हो रही है। इसके अलावा, तमिल फिल्म 'कधलीका नेरामिल्लई' भी रिलीज हो चुकी है। इसके साथ ही एआर रहमान के पास मणिरत्नम की फिल्म 'ठग लाइफ' भी पाइपलाइन में है, जिसमें कमल हासन लीड रोल में नजर आएंगे। यह फिल्म 10 जून को रिलीज हो सकती है। इसके अलावा, वे 'लाहौर 1947', 'तेरे इश्क में', 'रामायण' सीरीज, राम चरण की RC 16 और 'गांधी टॉक्स' जैसी फिल्मों का भी हिस्सा होंगे।