पुरी में भगवान जगन्नाथ संग Hema Malini ने मनाई फूलों की होली, बोली- बहुत खुश महसूस कर रही हूं...
Saturday, Mar 15, 2025-04:10 PM (IST)

बाॅलीवुड तड़का : बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने इस बार पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में होली मनाई। शनिवार को उन्होंने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और उनके साथ होली भी खेली। हेमा मालिनी की होली सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन्हें देखकर उनके फैंस बेहद खुश हैं।
भगवान जगन्नाथ के दर्शन से गदगद हुईं हेमा मालिनी
होली के मौके पर हेमा मालिनी भगवान जगन्नाथ के मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा, 'आज महाप्रभु के साथ होली खेलकर मुझे बहुत आनंद आया। कल मैंने मथुरा में होली मनाई थी और उसके बाद आज मैं पुरी आकर बहुत खुश महसूस कर रही हूं।' हेमा मालिनी के साथ भाजपा नेता संबित पात्रा और रतिकांत भी मौजूद रहे। दर्शन के बाद हेमा मालिनी ने ओडिशा की संस्कृति और यहां की प्रसिद्ध मिठाई पिट्ठा का स्वाद भी चखा।
Puri, Odisha: BJP MP Hema Malini says, "Many, many best wishes for Holi to everyone. It’s a very sacred festival, and I have just come back after seeking the darshan of Lord Jagannath. I also played Holi here with Lord Jagannath..." pic.twitter.com/ecqlmXfUP3
— IANS (@ians_india) March 15, 2025
कोलकाता की नृत्यांगना के डांस से प्रभावित हुईं हेमा मालिनी
होली के इस खास अवसर पर कोलकाता की युवा नृत्यांगना निशा साहू ने मंदिर के सिंहद्वार के सामने नृत्य प्रस्तुति दी। उनकी परफॉर्मेंस देखकर हेमा मालिनी मंत्रमुग्ध हो गईं और उन्होंने निशा की कला की जमकर तारीफ की। हेमा मालिनी ने उन्हें अपनी कला को और निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।
हेमा मालिनी का होली पर खास संदेश
होली के मौके पर हेमा मालिनी ने लोगों को खास संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'आप सभी को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं। खूब रंग खेलिए, खुश रहिए। भगवान को फूलों की होली बहुत पसंद है, इसलिए आप भी उनके साथ फूलों वाली होली खेलें और इस त्योहार का आनंद लें।'
Puri, Odisha: BJP MP Hema Malini says, "I got the opportunity to play Holi with Lord Jagannath in Puri, and for this, I thank my friend Sambit Patra very much..." pic.twitter.com/umgxTHooy6
— IANS (@ians_india) March 15, 2025
वृंदावन महोत्सव में हेमा मालिनी की प्रस्तुति
पुरी यात्रा से पहले हेमा मालिनी ने भुवनेश्वर में आयोजित वृंदावन महोत्सव में भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में उन्होंने ओडिसी और कथक नृत्य की प्रस्तुति दी। इस खास मौके पर प्रसिद्ध बांसुरी वादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया भी मौजूद थे। इस महोत्सव में पुरी के सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी पहुंचे। उन्होंने हेमा मालिनी को भगवान जगन्नाथ की चांदी की नक्काशीदार कलाकृति भेंट की।
संबित पात्रा ने किया हेमा मालिनी का स्वागत
संबित पात्रा ने कहा, 'यह हमारे लिए गर्व की बात है कि मथुरा से सांसद और फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी पुरी आईं। उन्होंने ओडिशा की कला, संस्कृति और परंपरा को जाना और यहां के विशेष व्यंजन का भी स्वाद लिया।' हेमा मालिनी की पुरी यात्रा और भगवान जगन्नाथ संग होली खेलने का यह अनुभव उनके लिए यादगार बन गया। फैंस उनकी तस्वीरों और वीडियो पर बढ़-चढ़कर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।