नहीं रहे टीवी शो 'लापतागंज' में 'चौरसिया' का किरदार निभाने वाले अरविंद कुमार, कार्डियक अरेस्ट से हुआ निधन
Tuesday, Jul 11, 2023-10:11 AM (IST)

बॉलीवुड तड़का टीम. सब टीवी के पॉपुलर शो 'लापतागंज' में चौरासिया का किरदार निभाने वाले अरविंद कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहे। एक्टर का 10 जुलाई को कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया। यह दुखद खबर एक्टर विनोद गोस्वामी ने अपने फेसबुक पेज पर दी, जिससे उनके फैंस और करीबियों को बड़ा झटका लगा है।
अरविंद कुमार के निधन की खबर देते हुए विनोद गोस्वामी ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा- बहुत दुखद समाचार, अरविंद जी हमारे अच्छे दोस्त हमारे बीच नही रहे, भगवान इनकी आत्मा को शांति दे।
लापतागंज में एलिजा का किरदार निभाने वाले कृष्णा भट्ट ने बताया कि अरविंद 10 जुलाई की सुबह नयागांव में किसी प्रोजेक्ट की शूटिंग करने निकले थे। लोकेशन के बाहर ही उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और उन्हें तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
लापतागंज सीरियल सब टीवी पर अक्टूबर 2009 से 15 अगस्त 2014 तक प्रसारित हुआ था। अरविंद कुमार ने इसमें चौरसिया का किरदार निभाया था।
बता दें, अरविंद कुमार ने साल 2004 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने सब टीवी के डेली शो लापतागंज में 5 साल तक चौरसिया का किरदार निभाया। इसके अलावा वे क्राइम पेट्रोल, सावधान इंडिया जैसे शोज में भी नजर आ चुके थे। साथ ही उन्होंने चीनी कम, अंडरट्रायल, रामा राम क्या है ड्रामा, मैडम चीफ मिनिस्टर जैसी फिल्मों में भी काम किया था।