उसका रंग बैंगनी और वजन 765 ग्राम..निक जोनस ने बेटी को लेकर की खुलकर बात, कहा- उसने साढ़े तीन महीने तक हर दिन संघर्ष किया

Thursday, Feb 05, 2026-11:49 AM (IST)

मुंबई. एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकी सिंगर निक जोनस एक प्यारी सी बेटी मालती मैरी के पेरेंट्स है, जो कुछ समय पहले ही 4 साल की हुई है। वहीं, हाल ही में निक जोनस पहली बार अपनी लाडली के बारे में खुलकर बात करते नजर आए। हाल ही में एक पॉडकास्ट में प्रियंका के पति ने मालती की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर बहुत खुशी होती है कि अब उन्हें बेटी की खूबसूरती का अनुभव करने का मौका मिल रहा है। इस दौरान उनकी आंखों में आंसू भी आ गए।


दरअसल, हाल ही में जे शेट्टी पॉडकास्ट में निक जोनस ने बेटी मालती के जन्म के बाद अपने और प्रियंका के अनुभवों को शेयर किया। उन्होंने कहा, 'उसका जन्म बहुत ही कठिन परिस्थितियों में हुआ, जिनके बारे में मैंने पहले कभी बात नहीं की। हम उसके अप्रैल में आने की उम्मीद कर रहे थे, जिस साल वह पैदा हुई थी। फिर हमें फोन आया कि वह जल्दी आ जाएगी... हम अस्पताल पहुंचे और जब वह बाहर आई तो उसका वजन 1 पाउंड 11 औंस (765 ग्राम)था और उसका रंग लगभग बैंगनी था।' उन्होंने आगे बताया कि एनआईसीयू में नर्सों ने उसे कैसे पुनर्जीवित किया और उसकी देखभाल की।


करीब साढ़े तीन महीने अस्पताल में रही मालती
निक ने बताया कि मालती को घर लाने तक वह और प्रियंका हर दिन अस्पताल में 12-12 घंटे की शिफ्ट करते थे। यह कोविड-19 का दौर था, इसलिए मेरी पत्नी और मैंने साढ़े तीन महीने तक अस्पताल में 12-12 घंटे की शिफ्ट की। मुझे अभी भी उसकी गंध याद है। कुछ चीजें हमेशा दिल दहला देने वाली होती हैं। हर दिन वहां रहना और दूसरे परिवारों को ऐसी ही स्थिति से गुजरते देखना सुकून देने वाला और डरावना दोनों था। मालती ने साढ़े तीन महीने तक हर दिन संघर्ष किया और धीरे-धीरे उसका वजन बढ़ने लगा। छह बार खून चढ़ाने के बाद उसकी हालत में काफी सुधार हुआ। साढ़े तीन महीने बाद हम उसे घर ले आए।

निक और प्रियंका की शादी
बता दें, प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने साल 2018 में राजस्थान में धूमधाम से शादी रचाई थी। पहले उन्होंने क्रिश्चियन वेडिंग की और फिर  हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की। जनवरी 2022 में उन्होंने अपने पहले बच्चे यानी मालती मैरी का स्वागत किया, जिसके साथ अक्सर कपल अपनी प्यारी फोटोज शेयर करता रहता है।

 


काम की बात करें तो निक जोनस जल्द ही पॉल रूड के साथ फिल्म 'पावर बैलाड' में नजर आएंगे। जॉन कार्नी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 5 जून को रिलीज होगी। वहीं, प्रियंका चोपड़ा एस एस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में महेश बाबू के साथ नजर आएंगी।


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News